रामपुर: उपमंडल रामपुर में बीते रविवार से लापता चल रहे ग्राम पंचायत फुंजा के उप प्रधान का शव बरामद हुआ है. मेहता स्टोन क्रेशर के पास जंगल में ग्राम पंचायत फुंजा के उप प्रधान भारत भूषण का शव पुलिस ने बरामद किया है. बता दें कि मंगलवार को मृतक के परिवार ने उसके लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई थी और मंगलवार शाम को पुलिस ने जंगल से उप प्रधान का शव बरामद किया.
डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया, “ग्राम पंचायत फुंजा के उप प्रधान की गुमशुदगी की शिकायत जब पुलिस थाना रामपुर में की गई तो उसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी थी. पुलिस ने जब खनेरी, चूहाबाग, पाटबंगला की ओर सर्च अभियान शुरू किया तो एनएच-05 से करीब 150 मीटर नीचे मेहता स्टोन क्रशर के पास जंगल में झाड़ियों और पत्थरों के बीच लापता व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ मिला. जब पुलिस ने शव की जांच की तो उसकी गर्दन में रस्सी बंधी हुई थी, लेकिन शरीर पर और कोई चोट के निशान नहीं थे.”
डीएसपी नरेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खनेरी अस्पताल पहुंचाया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है. घटना को लेकर पुलिस थाना रामपुर में मामला दर्ज कर लिया गया है. मामले में पुलिस आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है.
आंखों की जांच के लिए निकले थे घर से
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत फुंजा के उप प्रधान भारत भूषण रविवार सुबह रामपुर के पीपटी स्थित अपने क्वार्टर से करीब साढ़े सात बजे निकले थे. भारत भूषण ने अपनी बेटी नीतिका बिष्ट को कहा था कि वे रामपुर सत्यनारायण मंदिर में लगे नेत्र जांच शिविर में आंखों की जांच के लिए जा रहे है और जल्दी ही वापस लौटेंगे. मगर जब मंगलवार तक भी वापस नहीं लौटे और उनका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आने लगा तो घर पर सभी लोग चिंतित हो गए. घर वालों ने उनकी तलाश की लेकिन वो कहीं नहीं मिले. जिसके बाद मंगलवार को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने भी फौरन कार्रवाई करते हुए सर्च ऑपरेशन किया और मंगलवार शाम को ही जंगल से शव बरामद कर लिया.
