26.5 C
Baijnath
May 10, 2026
Palampur

Panchrukhi Case: पंचरूखी युवक हत्या मामले 2 महिला सहित 6 आरोपी गिरफ्तार, ऐसे खुला मर्डर का राज!

पालमपुर: जिला कांगड़ा के पंचरुखी के सलियाणा गांव में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं और 4 पुरुष को गिरफ्तार किया है. हत्या को लेकर पुलिस काफी समय से सबूतों को खंगाल रही थी, जिसके आधार पर पुलिस ने हत्या के इस मामले को सुलझाते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

जिला कांगड़ा एसएसपी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा, “13 जनवरी को पुलिस थाना ज्वालामुखी क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति की अधजली लाश बरामद हुई थी. जांच के दौरान शव की पहचान पंकज कुमार के रूप में हुई थी, जो वटाहण, पंचरुखी का निवासी था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस थाना पंचरुखी में दिनांक 19 फरवरी को दर्ज करवाई गई थी”.

एसएसपी ने बताया कि शव की परिस्थितियों और जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर यह पुष्टि हुई कि यह मामला हत्या का है, जिस पर पुलिस थाना पंचरुखी में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया. उन्होंने बताया यह जांच अत्यंत चुनौतीपूर्ण रही, क्योंकि मृतक पंचरुखी से लापता हुआ था. जबकि उसका शव ज्वालामुखी थाना के क्षेत्र में बरामद हुआ.

एसएसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि गहन जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक के पड़ोस में रहने वाली निशुबाला, उसके पति सुशील कुमार और निशु के पिता उत्तम चंद को संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने यह स्वीकार किया कि मृतक से उनके पुराने मतभेद थे. एक पूर्व नियोजित साजिश के तहत जिसमें निशुबाला ने पंकज कुमार (मृतक) को दिनांक 18.01.2025 को अपने घर बुलाया, जहां पर आरोपी निशुबाला ने लोहे के औजार से पंकज कुमार के सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी.

शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि शव को घर में बंद करके निशुबाला एक विवाह समारोह में पालमपुर चली गई. ताकि उसकी उपस्थिति विवाह समारोह में पाई जाए. घटना की क्रमवार जानकारी के अनुसार, निशुबाला ने शादी में अपने पति सुशील कुमार, अपनी बहन रजनी, जीजा अजय, पिता उत्तम चंद और बहन के बेटे अभिषेक के साथ मिलकर लाश को ठिकाने लगाने के लिए योजना बनाई. उन्होंने बताया विवाह समारोह से लौटने के बाद पांचों ने शव को कंबल में लपेटा और निजी गाड़ी में डालकर ज्वालामुखी क्षेत्र के जंगल में फेंक दिया. वहीं, कंबल और गाड़ी के कबर को जंगल में अन्य स्थान पर जलाने के बाद गाड़ी को किसी अन्य स्थान पर धुलाने के बाद पंचरुखी वापस आ गए.

एसएसपी ने बताया कि सभी आरोपियों ने साक्ष्यों को नष्ट किया. ताकि उन पर किसी भी प्रकार से शक न हो. फोरेंसिक टीम द्वारा अलग-2 स्थानों पर साक्ष्यों को एकत्रित किया गया. अभियोग में मुख्य बात यह है कि उक्त कृत्य को अंजाम देने के बाद संलिप्त तीन आरोपी अजय, रजनी और अभिषेक एनडीपीएस एक्ट के तहत पकड़े गए थे, जो वर्तमान में जेल में बंद हैं.

उन्होंने बताया अभियोग में मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में प्रयोग किए गए हथियार का पता लगाया जाना है. पुलिस द्वारा अभियोग की जांच गुणवत्ता और निष्पक्षता के उच्च मानदंडों के आधार पर की जा रही है. कांगड़ा पुलिस क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए निरंतर प्रयासरत है. इस घटना में शामिल सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है.

Related posts

गोपालपुर में भी रहेगा चिड़ियाघर सीएम ने किया आश्वस्त : आशीष बुटेल

Admin

सवा 2 करोड़ से बनेगा सामुदायिक भवन : आशीष बुटेल

Admin

नियमाविरुद्ध नगर निगम क्षेत्र में कूड़ा करकट बिखेरने पर नगर निगम ने की कार्रवाई

Admin

Leave a Comment