मंडी: छोटी काशी मंडी में सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव जारी है, जो कि 27 फरवरी से 5 मार्च तक आयोजित किया जाएगा. अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की पहली दो सांस्कृतिक संध्याएं बारिश के बीच संपन्न हुई. इस दौरान जो भी कलाकार प्रस्तुति देने आए, वो दर्शकों के लिए तरस गए थे, क्योंकि बारिश के बीच लोग सांस्कृतिक संध्याओं में नहीं आ पाए. जबकि तीसरी सांस्कृतिक संध्या में ये कमी पूरी हो गई. मौसम साफ होने के चलते तीसरी संध्या में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और संध्या का पूरा आनंद उठाया.
पंजाबी गायक रहे मुख्य आकर्षण का केंद्र
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक कुलविंदर बिल्ला मुख्य आकर्षण रहे. कुलविंदर बिल्ला ने शनिवार रात करीब 9 बजे मंच संभाला और एक के बाद एक पंजाबी गाने गाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. दर्शक भी कुलविंदर बिल्ला के गानों पर जमकर झूमे और सांस्कृतिक संध्या का भरपूर लुत्फ उठाया. ये सांस्कृतिक संध्या रात 10 बजे तक जारी रही और इस दौरान पूरा पंडाल दर्शकों से खचाखच भरा रहा.
श्रीलंका के सांस्कृतिक दल ने दी प्रस्तुति
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने किया. जिला प्रशासन की तरफ से डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी को शाल, टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया. तीसरी संध्या में हिमाचल और बाहर से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. इस दौरान श्रीलंका से आए सांस्कृतिक दल ने भी अपनी समृद्ध संस्कृति की झलक को दर्शाते हुए प्रस्तुतियां दी, जिसका भी दर्शकों ने पूरा आनंद उठाया.
