लाहौल-स्पीति: हिमाचल प्रदेश में मौसम खराब होने के चलते जनजातीय जिले में अब पहाड़ों से हिमस्खलन गिरने का लगातार डर बना हुआ है. रविवार को लाहौल-स्पीति के स्पीति घाटी में पहाड़ी से एवलांच हुआ है. वहीं, इस एवलांच की चपेट में आने से आईटीबीपी के जवान भी बाल-बाल बचे. इसके अलावा जिले के अन्य हिस्सों में भी एवलांच की घटनाएं सामने आई हैं.
सड़क बहाली के काम में जुटे थे ITBP के जवान
स्पीति घाटी के ग्यू गांव में आईटीबीपी के जवान सड़क बहाली के कार्य में जुटे हुए थे, तभी अचानक पहाड़ी से भारी हिमस्खलन हुआ. गनीमत रही कि ये हिमस्खलन आइटीबीपी जवानों के कैंप से मात्र 200 मीटर की दूरी पर रुक गया. वरना कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था.
लाहौल घाटी में भी हुआ एवलांच
वहीं, लाहौल घाटी की बात करें तो यहां पर भी सीसू के पास पहाड़ी से एवलांच हुआ. इसके अलावा जोबरंग के पास पहाड़ी से एवलांच होने के चलते चंद्रा नदी का बहाव भी रुका हुआ है. ऐसे में लाहौल स्पीति प्रशासन ने भी घाटी की जनता से आग्रह किया है कि वह पहाड़ी इलाकों का रुख न करें.
