धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में एक तिब्बती धार्मिक शिक्षक पर दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कांगड़ा पुलिस ने अमेरिकी मूल की एक भारतीय महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ महिला पुलिस थाना धर्मशाला में दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। हालांकि, अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने मामले में पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला अक्टूबर 2023 में बौद्ध दर्शन का अध्ययन करने के लिए धर्मशाला आई थी। इस दौरान वह अपने पति के जरिए आरोपी तिब्बती धार्मिक शिक्षक से मिली थी, जो मैक्लोडगंज में एक तिब्बती संस्थान संचालित करता है। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि नवंबर 2024 में जब वह बीमार हुई, तो आरोपी ने तंत्र विद्या के बहाने उससे दुष्कर्म किया। उस समय महिला का पति बोध गया में था। घटना के बाद महिला ने अपने पति को इस बारे में बताया, लेकिन बदनामी के डर से दोनों बीड़ में रहने चले गए।
हाल ही में जब दंपति दोबारा धर्मशाला लौटा, तो उन्हें धमकियां मिलने लगीं। इसके बाद महिला ने हिम्मत जुटाकर कांगड़ा पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने बुधवार को दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया और प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया।
एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि मामले में आरोपी तिब्बती शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके। इस घटना ने मैक्लोडगंज जैसे शांत और आध्यात्मिक स्थल की छवि पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आगे की कार्रवाई जांच के नतीजों पर निर्भर करेगी।
