22.5 C
Baijnath
June 6, 2026
Shimla

Himachal News: हिमाचल में प्री-प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती शुरू, 6,297 पदों पर होगी आउटसोर्स नियुक्ति।

शिमला: हिमाचल प्रदेश में सरकारी स्कूलों में 6,297 प्री-प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया इसी माह शुरू होने जा रही है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन को भर्ती प्रक्रिया त्वरित शुरू करने के निर्देश दिए हैं। यह भर्ती आउटसोर्स आधार पर होगी, जिसमें नर्सरी टीचर ट्रेनिंग (एनटीटी) डिप्लोमा धारकों को प्राथमिकता दी जाएगी।

शुक्रवार को राज्य सचिवालय में हुई बैठक में भर्ती प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की गई। शिक्षा मंत्री ने विभागीय सचिव को निर्देश दिए कि कॉरपोरेशन जल्द से जल्द भर्ती के लिए कंपनियों का चयन करे। भर्ती प्रक्रिया पूर्व सरकार के समय से लंबित थी। पिछले वर्ष कांग्रेस सरकार ने इसे शुरू किया था, लेकिन हिमाचल हाईकोर्ट के आउटसोर्स भर्तियों पर रोक के फैसले के कारण मामला अटक गया था। अब सुप्रीम कोर्ट द्वारा हाईकोर्ट के फैसले पर स्टे लगाने के बाद भर्ती का रास्ता साफ हो गया है।

पात्रता और योग्यता

भर्ती के लिए 21 से 45 वर्ष आयु के हिमाचली उम्मीदवार पात्र होंगे, जिन्होंने 12वीं कक्षा में कम से कम 50% अंक प्राप्त किए हों। मान्यता प्राप्त संस्थान से नर्सरी शिक्षक शिक्षा, प्री-स्कूल शिक्षा या प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा कार्यक्रम में कम से कम दो वर्ष का डिप्लोमा या बीएड (नर्सरी) होना अनिवार्य है। एससी, एसटी, ओबीसी और दिव्यांग उम्मीदवारों को योग्यता अंकों में 5% की छूट दी जाएगी। गैर-हिमाचली संस्थानों से 12वीं उत्तीर्ण उम्मीदवारों को बोनाफाइड हिमाचली होना आवश्यक होगा।

पदनाम और पारिश्रमिक

नर्सरी और केजी कक्षाओं के लिए नियुक्त शिक्षकों को ‘प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा प्रशिक्षक’ का पदनाम दिया गया है। इनका मासिक पारिश्रमिक 10,000 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसमें एजेंसी चार्ज, जीएसटी और अन्य खर्च शामिल हैं। वेतन 10 माह के लिए होगा, क्योंकि दो माह की स्कूल छुट्टियों में मानदेय नहीं दिया जाएगा।

नियुक्ति और स्थानांतरण

स्कूलवार रिक्तियों का निर्धारण स्कूल शिक्षा निदेशक करेंगे। प्रत्येक जिले में प्रशिक्षक स्कूल शिक्षा उपनिदेशक के नियंत्रण में और स्कूल के वरिष्ठ शिक्षक की देखरेख में काम करेंगे। बिना सरकारी मंजूरी के किसी प्रशिक्षक की सेवा समाप्त नहीं की जा सकेगी। नामांकन भिन्नता या प्रशासनिक कारणों से प्राथमिक शिक्षा निदेशक के परामर्श से स्थानांतरण संभव होगा।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि यह भर्ती प्री-प्राइमरी शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रदेश के 60,000 से अधिक पंजीकृत नन्हे बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सकेगी।

Related posts

Cryptocurrency fraud:क्रिप्टो करेंसी ठगी के मुख्य आरोपी सुभाष शर्मा को शिमला कोर्ट ने घोषित किया भगोड़ा

Admin

Transfer:हिमाचल हाईकोर्ट ने ट्रांसफर किए 51 जज, देखें किसे कहां मिली नई जिम्मेवारी

Admin

सुन्नी डैम के करीब डोगरी में आज दो और शव मिले, 45 लोग अब भी लापता

Admin

Leave a Comment