23.6 C
Baijnath
August 16, 2026
Dharamshala

Himachal Cloud Burst:कुल्लू और धर्मशाला में बादल फटने से भारी तबाही! 5 जगहों पर बाढ़, 2 की मौ.त, 11 लापता। 2000+ सैलानी सैंज घाटी में फंसे। प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी।

शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून की शुरुआत के साथ ही भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने व्यापक तबाही मचाई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने गुरुवार के लिए कई क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, साथ ही चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में बाढ़ की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 जुलाई तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा, जिसमें 26 और 27 जून को बारिश की तीव्रता अधिक रहने की संभावना है।

बुधवार को कुल्लू जिले में चार स्थानों—सैंज के जीवानाला, गड़सा के शिलागढ़, मनाली के स्नो गैलरी और बंजार के होरनगाड़—तथा धर्मशाला के खनियारा में मनूणी खड्ड में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ। कुल्लू में आठ वाहन, 10 पुलियां और एक बिजली प्रोजेक्ट बाढ़ में बह गए। सैंज के रैला बिहाल में तीन लोग लापता हैं, जबकि धर्मशाला में एक निर्माणाधीन हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में 10 से अधिक मजदूर बाढ़ में बह गए, जिनमें से दो के शव बरामद हुए हैं।

सैंज घाटी के शैंशर, शांघड़ और सुचैहन पंचायत क्षेत्रों में 150 से अधिक वाहनों के साथ 2,000 से ज्यादा पर्यटक फंसे हैं, क्योंकि सिउंड के पास मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। लाहौल में भी 25 पर्यटक फंसे हुए हैं। प्रदेश में 171 सड़कें, जिनमें औट-बजार-सैंज एनएच-305 शामिल है, और 550 बिजली ट्रांसफार्मर बंद हैं। गगल हवाई अड्डे पर चार विमान उतरे, लेकिन दिल्ली और शिमला की दो उड़ानें रद्द कर दी गईं।

बंजार के होरनगाड़ में बाढ़ से एक छोटा पुल और एक वाहन बह गया, जबकि सरकारी प्राथमिक विद्यालय में मलबा घुस गया। स्थानीय लोगों ने स्कूल के बच्चों को सुरक्षित निकाला। गड़सा घाटी में हुरला, पंचा और मनिहार नालों में कई पुलियां बह गईं। मणिकर्ण के ब्रह्मगंगा नाला, ग्ररहण, कुथी काकड़ी और जिभी में कोटलाधार के पास भी बाढ़ ने तबाही मचाई। सैंज के जीवानाला में एक मेगावाट का बिजली प्रोजेक्ट और सिउंड में एक अस्थायी दुकान बह गई, जबकि चार मकान क्षतिग्रस्त हुए।

जिला प्रशासन कुल्लू ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त कुल्लू अश्वनी कुमार ने बताया कि एनडीआरएफ टीमें मौके पर हैं। कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि खनियारा में बादल फटने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन खड्ड में पानी का स्तर बहुत अधिक है। एसडीआरएफ टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं।

सैंज घाटी में एनएचपीसी के सिउंड पावर हाउस में पुलिस गार्ड का अस्थायी शेड क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें तीन से चार हथियार बह गए और एक जवान घायल हो गया। घायल जवान को कुल्लू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बुधवार को बारिश का आंकड़ा (मिलीमीटर में):

•  पालमपुर: 145

•  नाहन: 99

•  पांवटा साहिब: 58

•  धर्मशाला: 54

•  कांगड़ा: 44

•  नारकंडा: 40

•  कसौली: 22

•  मंडी: 16

•  शिमला: 14

प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है।

Related posts

धर्मशाला में मैच देखने के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा अन्य सहित मंत्री पहुंचे गग्गल एयरपोर्ट

Admin

Dharamshala News: अपने कामों की जवाबदेही से घबराकर भाग रही सुक्खू सरकार, जश्न के नाम पर फूंक दिए 25 करोड़: जयराम ठाकुर

Admin

धर्मशाला मैच की टिकट ब्लैक करता आंध्र प्रदेश का युवक सीआईडी ने पकड़ा

Admin

Leave a Comment