14 जुलाई 2025 बैजनाथ: ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ में इस बार सावन माह के चार सोमवार मेलों का आयोजन 21 जुलाई से शुरू होगा। मंदिर ट्रस्ट ने इन मेलों की तैयारियों को जोर-शोर से शुरू कर दिया है। मंदिर के उद्यान में लंबे समय से बंद पड़ी मास्क लाइटों को ट्रस्टी मुकेश की देखरेख में दोबारा सुचारू किया गया है। इसके अलावा, उद्यान में 12 सोलर लाइट्स लगाई गई हैं, जिससे मंदिर परिसर संध्याकाल में रोशनी से जगमगाएगा और दूर से ही श्रद्धालुओं को शिव मंदिर के दर्शन होंगे।
मंदिर अधिकारी व तहसीलदार रमन ठाकुर ने बताया कि मेलों के दौरान गर्भगृह में केवल ट्रस्टी और अधिकृत पुजारी ही मौजूद रहेंगे। खीरगंगा घाट को जाने वाली सीढ़ियों और कूहल की मरम्मत व सफाई का कार्य भी शुरू हो चुका है। मंदिर के बाहर नया जूता स्टैंड बनाया जाएगा, जहां एक पहरेदार तैनात रहेगा। इस बार सावन माह में शिव भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, जिसके तहत वे पूरे दिन भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सकेंगे। यह व्यवस्था सावन माह और महाशिवरात्रि तक सीमित रहेगी।
मंदिर के बाहरी परिसर में पत्थर के पिलर के पास एक स्टैंड स्थापित होगा, जहां पीतल की बड़ी गागर रखी जाएगी। श्रद्धालु इस गागर में जल अर्पित करेंगे, जो तांबे की पाइप के माध्यम से शिवलिंग के ऊपर रखी दूसरी गागर तक पहुंचेगा। यह गागर निरंतर शिवलिंग पर जल चढ़ाएगी, जिससे पूरे दिन जलाभिषेक संभव होगा। कुल्लू से बुलाए गए विशेष कारीगर इस प्रक्रिया को अंजाम दे रहे हैं।
विधायक किशोरी लाल ने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए व्यापक प्रबंध किए जाएंगे, ताकि शिव भक्त सुगमता से भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक कर सकें। मंदिर न्यास द्वारा की गई इन तैयारियों से सावन माह में बैजनाथ शिव मंदिर में भक्ति का माहौल और आकर्षक होगा।
