पालमपुर: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने शुक्रवार को अपना 92वां जन्मदिन सादगी के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने स्वामी विवेकानंद के पदचिह्नों पर चलकर स्वस्थ जीवन और योग को अपनी दीर्घायु का आधार बताया। शांता कुमार ने उम्र के इस पड़ाव पर भी बुढ़ापे को कभी हावी नहीं होने दिया और अपनी सेहत का श्रेय स्वस्थ भोजन और योग को दिया।
जन्मदिन के मौके पर शांता कुमार ने एक रोचक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि एक ज्योतिषी ने उनकी आयु 73 वर्ष बताई थी, लेकिन उन्होंने इस भविष्यवाणी पर कभी विश्वास नहीं किया। उन्होंने यह बात अपनी पत्नी से भी तब तक नहीं साझा की, जब तक वह 75 वर्ष के नहीं हो गए। शांता ने कहा कि वह ज्योतिष और ग्रहों की बातों पर कम विश्वास रखते हैं और भगवान के आशीर्वाद से उन्हें जीवन में सब कुछ मिला। जो मिला, उसमें वह खुश रहे और जो चला गया, उसका उन्हें कभी अफसोस नहीं हुआ।

विमान में मिला था अनोखा जन्मदिन उपहार
शांता कुमार ने अपने एक और जन्मदिन का किस्सा साझा करते हुए बताया कि 1980 के दशक में वह दिल्ली से मुंबई विमान से यात्रा कर रहे थे। उस दिन उनका जन्मदिन था। विमान के उड़ान भरने से पहले अचानक घोषणा हुई कि हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार उनके साथ यात्रा कर रहे हैं और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी गई। इस अप्रत्याशित घोषणा से वह हैरान रह गए थे। उस दौरान उन्हें एक पेन उपहार में दिया गया था।
प्रदेश की जीत की कामना
शांता कुमार ने अपनी इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ उनके गृहनगर पालमपुर में भी जीत हासिल करे।
सादगी से मनाया जन्मदिन
प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा को ध्यान में रखते हुए शांता कुमार ने अपना जन्मदिन सादगी से मनाया। इस अवसर पर उन्हें बधाई देने के लिए प्रदेश भर से नेता पालमपुर स्थित यामिनी परिसर पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईमेल के माध्यम से बधाई दी, जबकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, जयराम ठाकुर, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, सांसद इंदु गोस्वामी और पूर्व मंत्री रमेश धवाला सहित कई नेताओं ने फोन पर शुभकामनाएं दीं।
इसके अलावा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, सांसद राजीव भारद्वाज, मुख्यमंत्री के प्रधान आईटी सलाहकार गोकुल बुटेल, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, पूर्व मंत्री रविंद्र रवि, विधायक रणवीर सिंह निक्का, पूर्व विधायक रविंद्र धीमान, मुल्ख राज प्रेमी, अर्जुन ठाकुर, रीता धीमान, भाजपा नेता अरविंद शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष रागिनी रुकवाल, अमिता राणा, मंडल अध्यक्ष गोपेश, तनु शर्मा, सुरेंद्र ठाकुर, राकेश शर्मा और मान चंद ठाकुर सहित कई नेताओं ने व्यक्तिगत रूप से शांता कुमार को जन्मदिन की बधाई दी।
