ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जोल पुलिस चौकी क्षेत्र के बैरियां गांव में एक दिल दहलाने वाली घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। 24 सितंबर, 2025 को शादी के बंधन में बंधने वाली 24 वर्षीय युवती अंशिका ठाकुर का अधजला शव मंगलवार को उसके घर से महज 500 मीटर दूर बैरियां-रामनगर सड़क के पास बरामद हुआ। युवती के चेहरे और गले पर कट के निशान पाए गए हैं, जिससे पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर एक फॉरेस्ट गार्ड ने सड़क के पास शव देखा और तुरंत जोल पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी अशोक कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव की पहचान अंशिका ठाकुर, पुत्री स्वर्गीय विपिन ठाकुर, निवासी बैरियां के रूप में हुई। अंशिका की शादी बुधवार को भिंडला गांव के एक युवक के साथ तय थी। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन इस घटना ने परिवार और गांव में सन्नाटा पसार दिया।
हत्यारे की तलाश में जुटी पुलिस, फोरेंसिक जांच शुरू
पुलिस ने हत्या की आशंका के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा में मामला दर्ज कर लिया है। जांच को गति देने के लिए धर्मशाला से फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है, जो बुधवार को घटनास्थल से साक्ष्य जुटाएगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल भेजा गया है। पुलिस हर संभव कोण से मामले की जांच कर रही है।
परिवार का बुरा हाल, गांव में शोक की लहर
युवती के पिता का पहले ही निधन हो चुका है, और मां व अन्य परिजनों ने शादी की तैयारियां पूरी की थीं। शव की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां अपनी बेटी को मृत अवस्था में देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भारी संख्या में लोग जमा हो गए और परिजनों को सांत्वना देने की कोशिश की। शादी का उत्सव मातम में बदल गया, और पूरे क्षेत्र में इस क्रूर हत्याकांड को लेकर दहशत और गुस्सा व्याप्त है।
क्या रात में बुलाकर की गई हत्या?
पुलिस को शक है कि युवती को रात के समय किसी ने घर से बुलाया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर शव को जलाने की कोशिश की। शव पर कट के निशान और अधजली अवस्था इस ओर इशारा कर रही है कि हत्यारा सबूत मिटाने की कोशिश में था। घटनास्थल से मिले साक्ष्य और फोरेंसिक जांच से पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
यह घटना न केवल बैरियां गांव, बल्कि पूरे ऊना जिले के लिए एक बड़ा झटका है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषी को जल्द से जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, जांच जारी है और परिजनों के साथ-साथ पूरे गांव में शोक की लहर है।
