29.4 C
Baijnath
May 29, 2026
Baijnath

Baijnath Paprola News: बैजनाथ पुलिस ने 36 घंटे में सुलझाया बसें जलाने का मामला, इस वजह से जलाई बसें , गिरफ्तार युवक आईटीआई पास

बैजनाथ (कांगड़ा), 8 नवंबर( वीर खड़का )

: बैजनाथ पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे खड़ी हिमाचल रोडवेज और चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट की दो बसों को जलाने के मामले को मात्र 36 घंटों में सुलझा लिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान बैजनाथ के चथम्मी गांव निवासी सुशांत के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। वह आईटीआई डिग्री धारक है।

थाना प्रभारी यादेश ठाकुर ने बताया कि दो दिन पहले आधी रात को यह वारदात हुई थी। घटनास्थल पर कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले थे, लेकिन पुलिस ने तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर कड़ी दर कड़ी जोड़ते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई। सीसीटीवी फुटेज ने बड़ी भूमिका निभाई।

नशे में ठंड से बचने को शुरू की आग, फैलते ही दोनों बसें जलीं

आरोपी सुशांत ने पुलिस को बताया कि वह उस रात नशे की हालत में था और उसे ठंड लग रही थी। हिमाचल परिवहन निगम (नगरोटा बगवां डिपो) की बस की आड़ में उसने हाथ-पैर सेंकने के लिए आग जलाई। लेकिन देखते ही देखते आग अनियंत्रित हो गई और बस के एक किनारे लग गई। पूरी बस आग की चपेट में आ गई।

डरते हुए सुशांत ने साथ खड़ी चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की बस को भी आग लगा दी। आग लगने के बाद वह मौके से फरार हो गया। भागते समय उसने बस अड्डे के अंदर खड़ी एक निजी बस के शीशे तोड़ डाले। इसी रात बैजनाथ केक सर्विस स्टेशन में खड़ी एक कार का पिछला शीशा भी तोड़ दिया। हालांकि, सर्विस स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में वह कैद हो गया, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी शिनाख्त की।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई सराहनीय

थाना प्रभारी यादेश ठाकुर ने कहा, “मामला चुनौतीपूर्ण था क्योंकि मौके पर कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य नहीं थे। लेकिन टीम की मेहनत और सीसीटीवी फुटेज से 36 घंटे में केस सॉल्व कर लिया। आरोपी ने सब कबूल कर लिया।” पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगजनी, तोड़फोड़ और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है।

यह घटना क्षेत्र में बसों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने लोगों में विश्वास जगाया है।

Related posts

सीपीएस ने गुनेहड़ तथा महालपट्ट में प्रभावितों से की भेंट

Admin

Paprola:पठानकोट-जोगिंदरनगर रेललाइन का ब्रॉडगेज में होगा कायाकल्प, नवंबर से शुरू होगी रेलगाड़ियों की आवाजाही

Admin

आशीष ने किया बैजनाथ शिवरात्रि में सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ

Admin

Leave a Comment