31.4 C
Baijnath
April 23, 2026
Mandi

विदेश भेजने का झांसा: जड़ोल के 4 युवकों से ₹5.40 लाख की ठगी, कंपनी कर्मचारी फरार।

सुंदरनगर। विदेश में रोजगार का लालच देकर जड़ोल क्षेत्र के चार मेहनतकश युवकों को एक ठग ने चूना लगा दिया। पंजाब के मोहाली स्थित कथित कंपनी के कर्मचारी गुरविंदर सिंह ने उन्हें विदेश भेजने के नाम पर कुल 5.40 लाख रुपये ठग लिए और फरार हो गया। पीड़ितों ने पासपोर्ट, आधार कार्ड और प्रमाणपत्र भी सौंप दिए थे, लेकिन बदले में मिले चेक फर्जी निकले। युवकों ने डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण को शिकायत देकर आरोपित की गिरफ्तारी और पैसे वापसी की मांग की है। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित युवक मस्त राम पुत्र चेतराम (गांव फागला, सलवाना), खेमराज पुत्र नंदू राम (गांव घीड़ी, सलवाना), सुनील कुमार पुत्र ओम प्रकाश (गांव फागला) और लालमन पुत्र कातकु राम (गांव त्रिहमी, जड़ोल) मजदूरी और मैकेनिक का काम करते हैं। गरीब परिवारों से ताल्लुक रखने वाले इन युवकों ने वर्ष 2024 में गुरविंदर सिंह से संपर्क किया, जो खुद को मोहाली की एक निजी कंपनी का कर्मचारी बता रहा था। उसने विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का वादा किया।

आरोपित ने प्रत्येक युवक से 1.30 लाख रुपये लिए और बाद में मेडिकल खर्च के नाम पर 10,000-10,000 रुपये अतिरिक्त मांगे। इस तरह चारों ने कुल 5.40 लाख रुपये उसके बताए बैंक खाते में जमा करा दिए। साथ ही पासपोर्ट, आधार कार्ड और शैक्षणिक प्रमाणपत्र भी सौंप दिए। महीनों बीतने पर जब प्रक्रिया शुरू नहीं हुई और गुरविंदर फोन उठाना बंद कर दिया, तो युवक मोहाली पहुंचे। वहां आरोपित ने बहाना बनाया कि विदेश में काम उपलब्ध नहीं है और पैसे लौटाने के लिए चार चेक थमा दिए।

बैंक में चेक जमा करने पर पता चला कि वे फर्जी हैं, क्योंकि संबंधित खाता 2012 में ही बंद हो चुका था। पीड़ितों ने बताया कि यह रकम उनकी जिंदगी भर की जमा पूंजी थी, जो मेहनत की कमाई से इकट्ठी की गई थी। वे अब बेबस होकर न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया, “शिकायत मिली है। आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया गया है। जांच चल रही है और जल्द कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।

Related posts

पंडोह डैम और 4 मील के पास हाईवे में आई दरारें, प्रशासन ने कहा- कोई खतरा नहीं, लोगों ने उठाई जांच की मांग

Admin

मां हिमरी गंगा टैक्सी ऑपरेटरों की पधर में 1 दिसम्बर को होगी बैठक : विकास कटोच यरफ मोंटू

Admin

भ्रां निवासी विवाहिता एवं एक बच्चे की माँ लडभड़ोल बाजार से अचानक हुई लापता

Admin

Leave a Comment