बैजनाथ, 14 नवंबर 2025 (वीर खड़का )
बैजनाथ खंड विकास कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को खंड स्तरीय शिकायत निवारण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्थानीय विधायक किशोरी लाल ने की। इस दौरान गैर-सरकारी सदस्यों द्वारा उठाई गई विभिन्न शिकायतों, जनसमस्याओं और प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा हुई। कई शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि शेष मुद्दों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए।
विधायक किशोरी लाल ने उपमंडल में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने जल शक्ति विभाग को चरामति कूल्ह को शीघ्र सुचारू करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को सिंचाई में कोई बाधा न आए। साथ ही पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता पर हल करने को कहा।
लोक निर्माण विभाग को सभी सड़कों को दुरुस्त रखने, खराब मार्गों की तत्काल मरम्मत करने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर क्रैश बैरियर लगाने के आदेश दिए गए। विद्युत विभाग को वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान, ट्रांसफॉर्मरों की कार्यक्षमता सुधारने और बिजली शिकायतों के त्वरित निपटारे के निर्देश जारी किए।
स्वास्थ्य विभाग को उपमंडल में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने, आवश्यक स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने और दवाओं की पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के लिए कहा गया। पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त इंतजाम करने और ट्रैफिक जाम की समस्या का प्रभावी हल निकालने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, सकड़ी में नव-निर्माणाधीन आईटीआई भवन के रुके कार्यों को अतिशीघ्र पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए गए, ताकि युवाओं को समय पर प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकें।
विधायक किशोरी लाल ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार का मुख्य लक्ष्य जनता को बेहतर और समयबद्ध सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा, “सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करें और जनसमस्याओं का संवेदनशीलता व गंभीरता से समाधान सुनिश्चित करें।”
बैठक का संचालन एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम ने किया। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक संदीप शर्मा, तहसीलदार बैजनाथ रमन ठाकुर, खंड विकास अधिकारी सुमन कुमारी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण अजय सूद, अधिशाषी अभियंता जलशक्ति राहुल धीमान, अधिशाषी अभियंता विद्युत मनोज मनहास, रेंज वन अधिकारी दीपक भरमौरिया, तहसील कल्याण अधिकारी अलोक ठाकुर, प्रधानाचार्य पंडित संतराम महाविद्यालय प्रदीप कौंडल, प्रधानाचार्या आईटीआई रीता शर्मा सहित सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
