बैजनाथ, 15 नवंबर(वीर खड़का )
बिनवा पब्लिक स्कूल बैजनाथ में 45वां वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने की, जबकि बीड़ बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के चेयरमैन अनुराग शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकवर्ग, अभिभावकों तथा छात्र-छात्राओं की भारी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया। समारोह का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में छात्रों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जिसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। लोकनृत्य, संगीत, नाट्य मंचन और आधुनिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। छात्रों की प्रतिभा ने सभी को प्रभावित किया।
प्रधानाचार्य रेणु शर्मा ने वार्षिक प्रतिवेदन पेश करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद तथा सह-शैक्षणिक उपलब्धियों का विस्तृत विवरण साझा किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष स्कूल के छात्रों ने जिला एवं प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
मुख्य अतिथि डॉ. राजेश शर्मा ने छात्रों को कड़ी मेहनत, अनुशासन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने तथा मोबाइल फोन का सीमित एवं उचित उपयोग करने की सलाह दी। डॉ. शर्मा ने बोर्ड परीक्षा में मेरिट लिस्ट में स्थान बनाने वाले छात्रों को प्रोत्साहन स्वरूप लैपटॉप प्रदान करने की घोषणा की।
विशेष अतिथि अनुराग शर्मा ने विद्यालय की प्रगति की सराहना की और इसे 31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने छात्रों को खेल, अनुशासन तथा नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के अंत में मेधावी छात्रों को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।
