19.3 C
Baijnath
September 29, 2026
Palampur

बाइक पर सामान लादकर बेचने वालों पर पुलिस का शिकंजा, भवारना में शुरू हुई सख्त कार्रवाई

भवारना (कांगड़ा), 18 नवंबर। भवारना और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दोपहिया वाहनों पर कुर्सियां, बेड, हमाम दरी और गद्दे लादकर घूम-घूमकर बेचने वालों की अब खैर नहीं। पुलिस ने इन पर सख्ती बरतने का फैसला किया है। थाना प्रभारी गुरदेव सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ऐसे वाहन चालकों पर तुरंत चालान और जब्ती की कार्रवाई होगी।

सर्दियों का मौसम शुरू होते ही बाहरी राज्यों से आए लोग अपने स्कूटर और मोटरसाइकिल के पीछे भारी-भरकम सामान बांधकर गांव-गांव घूमने लगते हैं। कई बार तो पूरी डबल बेड, सोफा या भारी हमाम दरी लदी दिखती है, जिससे वाहन का संतुलन पूरी तरह बिगड़ जाता है। संकरी सड़कों और तीखे मोड़ों पर ये वाहन कभी भी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ सालों से यह सिलसिला बढ़ता जा रहा है। इन विक्रेताओं के कारण एक तो सड़क सुरक्षा को खतरा है, दूसरी ओर टैक्स और जीएसटी देने वाले स्थानीय दुकानदारों का कारोबार चौपट हो रहा है। आबकारी एवं कर विभाग को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है।

इस मामले का संज्ञान लेते हुए भवारना थाना प्रभारी गुरदेव सिंह ने कहा, “यह गंभीर मामला हमारे संज्ञान में आया है। दोपहिया वाहन पर इस तरह भारी सामान लादकर चलाना मोटर व्हीकल एक्ट का स्पष्ट उल्लंघन है। इससे न सिर्फ चालक बल्कि अन्य वाहन चालकों की जान को भी खतरा है। हमने सभी पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे वाहनों पर विशेष नजर रखी जाए और पकड़े जाने पर तुरंत चालान व जब्ती की कार्रवाई की जाए।”

उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस के साथ मिलकर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा ताकि सर्दियों में होने वाली संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके।

स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस के इस कदम का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे उनका कारोबार भी संरक्षित रहेगा।

Related posts

आवारा कुत्तों के काटने की समस्या पर पूर्व सीएम शांता कुमार की चिंता, सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य सचिवों को लगाई फटकार

Admin

सुक्खू सरकार में विकास को मिली तीव्र गति : आशीष बुटेल

Admin

पूर्व CM शांता कुमार ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ खोला मोर्चा, मनीष सिसोदिया को बताया साफ छवि का नेता

Admin

Leave a Comment