26.3 C
Baijnath
May 17, 2026
Baijnath

बैजनाथ में जिला स्तरीय वॉटरशेड महोत्सव संपन्न, विधायक किशोरी लाल ने 12 परियोजनाओं का किया लोकार्पण

बैजनाथ, 10 दिसंबर : उपमंडल बैजनाथ की ग्राम पंचायत महालपट्ट में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के तहत जिला स्तरीय वॉटरशेड महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बैजनाथ विधायक किशोरी लाल ने की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में निर्मित 12 वॉटरशेड परियोजनाओं का लोकार्पण किया तथा चकोल गांव से डरकू नाला तक प्रस्तावित कूल्ह निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया।

विधायक किशोरी लाल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते मौसम, वर्षा में कमी और भू-जल के अति दोहन से क्षेत्र में जलस्तर तेजी से गिर रहा है। ऐसे में वॉटरशेड परियोजनाएं जल संरक्षण, मिट्टी संरक्षण और भूजल रिचार्ज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने ग्रामीणों से इन परियोजनाओं को अपनी संपत्ति समझकर रखरखाव में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

विधायक ने कहा कि इन योजनाओं से खेती योग्य भूमि सुरक्षित रहेगी, मिट्टी का कटाव रुकेगा, भूजल स्तर में सुधार होगा और गांवों में पेयजल संकट काफी हद तक कम होगा। साथ ही पशुओं को शुद्ध जल उपलब्ध होगा और किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।

प्राकृतिक खेती को मिल रहा विशेष प्रोत्साहन

किशोरी लाल ने रासायनिक खेती से होने वाले नुकसान पर चिंता जताते हुए कहा कि बढ़ती लागत, मिट्टी की उर्वरता में कमी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए अब प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाना जरूरी हो गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को विशेष प्रोत्साहन दे रही है। सरकार मक्का, हल्दी सहित कई स्थानीय उत्पादों की सरकारी खरीद भी कर रही है, जिससे किसानों को सुरक्षित बाजार मिल रहा है।

उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे अपनी खेतों में प्राकृतिक तरीके से सब्जियां व अन्य फसलें उगाएं, ताकि स्वास्थ्य, पर्यावरण और आर्थिक बचत तीनों का लाभ एक साथ मिल सके।

वॉटरशेड परियोजनाओं की जानकारी दी परियोजना अधिकारी ने

जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी भानुप्रताप ने बताया कि वॉटरशेड परियोजनाओं के तहत कूल्ह निर्माण, चेक डैम, गली प्लग, तालाब, बावड़ियों का जीर्णोद्धार, वर्षा जल संग्रहण आदि कार्य किए जा रहे हैं। इनका मुख्य उद्देश्य मिट्टी कटाव रोकना और भूजल रिचार्ज बढ़ाना है। उन्होंने रखरखाव में सभी की जिम्मेदारी पर बल दिया।

जल संरक्षण पर रील-फोटो प्रतियोगिता

खंड विकास अधिकारी सुमन कुमारी ने बताया कि वॉटरशेड परियोजना के तहत 31 दिसंबर तक जल संरक्षण विषय पर रील एवं फोटो प्रतियोगिता चल रही है। प्रतिभागियों को 30-60 सेकंड की रील या फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर लिंक wdcpmksy.dolr.gov.in पोर्टल पर शेयर करना होगा। विजेताओं को सरकार की ओर से पुरस्कार दिए जाएंगे।

कार्यक्रम में बच्चों व ग्रामीणों ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण पर प्रभावशाली भाषण और लोकगीत प्रस्तुत किए, जिन्हें विधायक ने पुरस्कृत कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी संकल्प गौतम, प्रधान डॉ. आशा देवी, रोहित जमवाल, राजो देवी, उपप्रधान वनवीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related posts

बैजनाथ में संपन्न हुई प्रांत स्तरीय “भारत को जानो “ प्रतियोगिता।

Admin

राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस के मौक़े पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखु का विकास कार्य पर चर्चा कम और भाजपा की आलोचना ज़्यादा-मुल्ख़राज प्रेमी

Admin

रोमांच की उड़ान में हवा का अचानक रुख़ बदलना दुर्घटनाओं का कारण

Admin

Leave a Comment