बैज़नाथ (वीर खड़का )(कांगड़ा), 1 फरवरी 2026: बैजनाथ पंचायत समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध समाजसेवी स्वर्गीय श्री प्यारे लाल शर्मा जी की पुण्य स्मृति में रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीड़ में एक भव्य निःशुल्क मल्टी सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य जांच शिविर एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पिछले तीन वर्षों से उनके पुत्र अनुराग शर्मा द्वारा निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जो जिला कांग्रेस कमेटी के साथ-साथ बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं।
शिविर का शुभारंभ प्रसिद्ध समाजसेवी डॉ. आई.पी. शर्मा ने स्वास्थ्य जांच कैंप के लिए तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कांगड़ा डॉ. विवेक करोल ने रक्तदान शिविर के लिए किया।
इस मल्टी सुपर स्पेशलिटी कैंप में बैजनाथ सिविल अस्पताल और विवेकानंद मेडिकल इंस्टीट्यूट (वीएमआई) के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। इसमें शामिल प्रमुख विशेषज्ञों में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र थपलू, किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. कुलदीप, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. हरविंदर, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अक्षय शर्मा, न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. रुपाक्षी पठानिया, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नताशा, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका के अलावा डॉ. गुरमीत कटोच, डॉ. राजकुमार, डॉ. आशुतोष, डॉ. अभिनव और डॉ. अभिषेक शामिल थे।
शिविर में 350 से अधिक लोगों ने अपना स्वास्थ्य जांच करवाया, जिसमें 60 से अधिक लोगों ने हृदय संबंधी जांच (इको टेस्ट) भी कराई गई। सभी को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। वहीं, रक्तदान शिविर में 86 उत्साही लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जो समाज सेवा की भावना का जीवंत उदाहरण है।
कार्यक्रम में बैजनाथ विधायक किशोरी लाल, एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम, सीएमओ कांगड़ा डॉ. विवेक करोल सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
अनुराग शर्मा ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय प्यारे लाल शर्मा जी समाज सेवा के प्रति समर्पित रहे थे। उनकी याद में यह शिविर आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, विवेकानंद मेडिकल इंस्टीट्यूट और बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में सफल रहा, बल्कि सामुदायिक एकता और सेवा भावना को भी मजबूत किया। ऐसे शिविर भविष्य में भी जारी रहने की उम्मीद है।
