बैजनाथ, 19 फरवरी 2026 ( वीर खड़का)
पांच दिवसीय राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव आज श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। समापन समारोह में बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
अपने संबोधन में विधायक किशोरी लाल ने कहा कि बैजनाथ शिवरात्रि मेले को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के ठोस प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि भगवान शिव की पावन भूमि बैजनाथ में आयोजित यह प्राचीन उत्सव मात्र धार्मिक केंद्र नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और एकता का जीवंत प्रतीक है। इसकी गरिमा और परंपराओं को संरक्षित रखना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
विधायक ने इस वर्ष इंदिरा गांधी स्टेडियम में दूसरी बार आयोजित मेले की सफलता पर प्रसन्नता जताई। बेहतर व्यवस्थाओं, सुव्यवस्थित कार्यक्रमों और जनसहभागिता ने महोत्सव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उन्होंने मेला समिति, प्रशासन और स्थानीय जनता को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में भाईचारा, एकता और सामाजिक सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।
किशोरी लाल ने प्रदेश सरकार के कार्यों की सराहना की और कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनहित के कई सराहनीय कार्य हो रहे हैं। उन्होंने पारंपरिक संगीत, नृत्य और लोक कलाओं की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ये हमारी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखने में अहम भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर उन्होंने उत्सव की स्मारिका और कैलेंडर का भी विमोचन किया।
इससे पहले मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम बैजनाथ ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए सभी सहयोगी विभागों, संगठनों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
समापन समारोह में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा, पूर्व एससी सेल उपाध्यक्ष रविंद्र बिट्टू, प्रदेश कांग्रेस युवा महासचिव रविंद्र राव, डीएसपी संदीप शर्मा, तहसीलदार रमन ठाकुर, तहसीलदार हरीश ठाकुर, बीएमओ दिलावर दियोल, अधिशासी अभियंता राहुल धीमान, अजय सूद, मनोज कुमार, बीडीओ सुमन कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
यह महोत्सव बैजनाथ की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ ही पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा देगा।
