जिला पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा है कि बैजनाथ के अस्पताल रोड और पंडोल रोड में लगने वाले जाम से छुटकारा दिलाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। बैजनाथ के एक दिवसीय दौरे पर पहुंची अग्निहोत्री ने इस दौरान बैजनाथ पुलिस थाना और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बैजनाथ का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए शिक्षकों और अभिभावकों को विशेष कार्य योजना के तहत कार्यवाही अमल में लानी चाहिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बैजनाथ के अस्पताल रोड पर ट्रैफिक जाम की समस्या के मद्देनजर यहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और यदि आवश्यकता पड़ी तो सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। उन्होंने बैजनाथ और बकरोला के तमाम व्यापारियों का आह्वान किया है कि वे अपनी दुकानों का सामान दुकानों के अंदर ही रखें जिससे राहजनों और वाहन चालकों को किसी किस्म की परेशानी न हो। उन्होंने डीएसपी पूरन चंद ठुकराल और थाना प्रभारी सुरेंद्र ठाकुर को निर्देश दिए कि अवैध खनन और नशे के सौदागरों के खिलाफ भी कड़ी कार्यवाही अमल में लाएं। पर्यटन सीजन के दौरान बीड़ बिलिंग घाटी में अतिरिक्त ट्रैफिक बल की तैनाती की जाएगी। शालिनी अग्निहोत्री ने लंबागांव थाना क्षेत्र के तहत अवैध खनन और नशे के खिलाफ भी व्यापक अभियान छेड़ने के लिए पुलिस बल को आगाह किया। शालिनी अग्निहोत्री ने इस दौरान वैजनाथ, बीड़, चढ़ियार और लंबागांव पुलिस थाना और चौकियों की कार्यप्रणाली पर संतोष जताया
फोटो
जिला पुलिस प्रमुख शालिनी अग्निहोत्री बैजनाथ पुलिस उप अधीक्षक पूरन चंद ठुकराल और थाना प्रभारी सुरेंद्र ठाकुर के साथ सामूहिक चित्र में
