प्रदेश की सुक्खू सरकार द्वारा गोपालपुर चिड़ियाघर को बंद करने का निर्णय कांग्रेस सरकार की अदूरदर्शिता को दर्शाता है, उक्त शब्द संगठनात्मक जिला पालमपुर के भाजपा प्रवक्ता संजय सोनी ने कहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विराजमान कांग्रेस की सुक्खू सरकार बार-बार व्यवस्था परिवर्तन का जिक्र करती है लेकिन उनकी नजर में क्या यही व्यवस्था परिवर्तन है कि एक बसे बसाए चिड़ियाघर को विकसित करने के बजाय उसको वहां से बदल दिया जाए। जिला भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पहले प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने भाजपा द्वारा खोले गए संस्थाओं को डीनोटिफाई कर बंद किया गया, लेकिन अब भाजपा के समय खोले गए संस्थानो को गुपचुप तरीके से बंद करने की तैयारी की जा रही है ।संजय सोनी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार जी ने गोपालपुर चिड़ियाघर को इसलिए बनवाया था ताकि पालमपुर क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा मिल सके तथा पर्यटक धौलाधार वादियों के साथ पर्यटन का भरपूर आनंद ले। इस क्षेत्र में चिड़ियाघर के खुलने से क्षेत्र के लोगों को प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से आर्थिकी सुदृढ़ हो रही थी, कई लोगों ने बैंकों से ऋण लेकर होटल व्यवसाय व अन्य कार्य शुरू किये लेकिन प्रदेश में सता सीन कांग्रेस की सुक्खू सरकार ने लोगों को उनकी आय से वंचित करने का निर्णय लेकर उन के दिल पर गहरा कुठाराघात किया है जो की सही नहीं है।जिला भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यदि शीघ्र कांग्रेस की सुक्खू सरकार ने इस गोपालपुर चिड़ियाघर को शिफ्ट करने के निर्णय पर रोक नहीं लगाई तो भाजपा इस अदूरदर्शी निर्णय का पुरजोर विरोध करेगी।
