24.1 C
Baijnath
October 22, 2026
Mandi

“सुक्खू सरकार ने रोक रखा है मंडी का स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट”, कंगना रनौत ने प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

मंडी: लोकसभा चुनाव जीतने के बाद आज भाजपा सांसद कंगना रनौत ने मंडी में अपने कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र को लेकर अपनी प्राथमिकता बताई. साथ ही प्रदेश की सुक्खू सरकार पर जमकर बरसीं. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने मंडी का स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को रोक रखा है.

भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा, “मंडी शहर का स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने रोक रखा है. जैसे ही प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी तो सभी रुके हुए प्रोजेक्ट्स पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा. मंडी सदर से उन्हें जबरदस्त लीड मिली थी, इसलिए यहां के लोगों की अपेक्षाएं भी ज्यादा हैं, जिन्हें पूरा करना मेरा दायित्व है. इसलिए यहां स्मार्ट सिटी के रुके हुए प्रोजेक्ट को भाजपा की सरकार बनने पर दोबारा शुरू किया जाएगा”.

हालांकि, जब पत्रकारों ने कंगना से यह पूछा कि कांग्रेस सरकार द्वारा मंडी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को किस प्रकार से रोका गया है तो, वह इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाई और सिर्फ इतना ही कहा कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी तो इस बात का पता चल जाएगा.

कंगना रनौत ने कहा पूरे मंडी संसदीय क्षेत्र में बहुत से काम करने को हैं. लेकिन हमें प्राथमिकताएं तय करके इन कार्यों को पूरा करना है. पहले कार्यों की प्राथमिकताएं तय की जाएगी और तब कार्य करने की शुरुआत की जाएगी. जब तक वह कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक उसे पूरा करवाने के लिए जी जान से काम किया जाएगा. इस दौरान उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र के लोगों से बड़े कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने की गुजारिश भी की. उन्होंने कहा लोग इस बारे में उन्हें सुझाव भी दे सकते हैं. वह इस क्षेत्र में अभी नई हैं और उन्हें सभी के सहयोग और मार्गदर्शन की जरूरत है.

कंगना ने कहा उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र के विषयों को संसद में उठाना शुरू कर दिया है और बहुत से मंत्रालयों के पास अपने सवाल भी भेजे हैं, जिनके जवाब आना अभी बाकी है. उन्होंने कहा केंद्र में उनकी पार्टी की सरकार है. इसलिए वह इन विषयों पर मीडिया के साथ अपनी बातों को ज्यादा साझा नहीं करेगी. मीडिया में बोलने का काम विपक्ष का होता है. उन्हें इस पर कोई आपत्ति भी नहीं है. भविष्य में लोगों को खुद पता चल जाएगा कि उन्होंने मंडी की आवाज किस तरह से संसद में बुलंद किया है.

कंगना ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र में अब उनके तीन कार्यालय हो गए हैं. एक कार्यालय मनाली स्थित निवास पर है. जबकि दूसरा सरकाघाट वाले निवास पर है. तीसरा कार्यालय मंडी शहर में खुला है. लोग अपनी सुविधा के अनुसार उनसे इन कार्यालयों में आकर मिल सकते हैं. यदि वे कार्यालय में नहीं मिलती तो लोग यहां तैनात स्टाफ के पास भी अपनी बात लिखित में दे सकते हैं, उसका समाधान किया जाएगा. इस मौके पर कंगना ने लोगों से मुलाकात भी की और उनकी समस्याओं को भी सुना.

Related posts

द्रंग मण्डल भाजपा ने नई कार्यकारिणी की की घोषणा । बरिष्ठ व्यक्ति शेर सिंह ठाकुर को द्रंग मण्डल भाजपा का बनाया उपाध्यक्ष

Admin

उपमंडल स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक पधर में सम्पन्न

Admin

पराली के नीचे छिपाकर गोवंश तस्करी का प्रयास नाकाम, एक गिरफ्तार

Admin

Leave a Comment