November 2, 2026
Mandi

यहां पानी की पाइपों में दौड़ रहा बिजली का करंट, खतरे में पूरा गांव

मंडी: जिला मंडी के पंडोह में 9 मील के पास अजीबोगरीब घटना सामने आई है. यहां आईपीएच विभाग की लाइन में बिजली का कंरट दौड़ रहा है. जिसका वीडियो भी विभाग के एक कर्मचारी ने बनाया है. वीडियो में आईपीएच कर्मचारी ने बिजली बोर्ड पर आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत करने के बाद भी बिजली बोर्ड का कोई कर्मचारी सुध लेने नहीं आया और बार-बार पाइपों में करंट न होने की बात कह रहे हैं. वहीं, वीडियो में पानी की पाइप में करंट दौड़ते हुए साफ देखा जा सकता है.

लाइन को दुरूस्त करते हुए लगा बिजली का झटका

पानी की पाइपों में करंट दौड़ने की यह घटना जल शक्ति विभाग के मझवाड़ खंड के तहत आने वाले 9 मील की है. जल शक्ति विभाग में कार्यरत फिटर लेखराम ने मौके पर वीडियो बनाकर बताया कि 9 मील क्षेत्र में बिछाई गई पानी की पाइपों में बिजली का करंट दौड़ रहा है. जिसकी शिकायत स्थानीय ग्रामीण सूरत राम बिजली बोर्ड पंडोह कार्यालय में 5 बार करवा चुके हैं, लेकिन बिजली बोर्ड के कर्मचारी इस लाइन को चेक करने की बजाय आनाकानी करने में लगे हुए हैं. लेखराम ने बताया कि इस करंट की वजह से उनकी जान को भी खतरा बना हुआ है. इस लाइन में पानी की एक पाइप को दुरूस्त करते हुए उनकी खुद की उंगली में एक बार जोर का झटका भी लग चुका है. इसके अलावा इस करंट के कारण गांव के सभी लोगों पर भी खतरा बना हुआ है.

बिजली बोर्ड का एक्शन

वहीं, इस बारे में विद्युत उपमंडल पंडोह के सहायक अभियंता दीना नाथ से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला उनके ध्यान में आया है. जिसके बाद तुरंत मौके पर कर्मचारी भेज दिए गए हैं. जहां पर भी फाल्ट मिलेगा उसे जल्द से जल्द ठीक किया जाएगा. दीना नाथ ने लोगों से अपील की है कि अगर ग्रामीणों को कहीं भी इस तरह की समस्या पेश आती है, तो विभाग को इसकी सूचना दें.

Related posts

जोशीमठ की तरह हिमाचल के लाहौल स्पीति की जमीन में पड़ी दरारें, खतरे के साये में जी रहे लोग

Admin

चौहारघाटी के छुछल स्कूल में भूस्खलन होने से स्कूल हुआ क्षतिग्रत

Admin

15 लाख से चकाचक होगी पधर बाजार की नालियां : हेमंत कुमार महंत

Admin

Leave a Comment