September 22, 2026
Shimla

New Year : नए साल पर 24 घंटे खुली रख सकेंगे दुकानें, सीएम ने पर्यटकों की सुविधा के लिए जारी किए आदेश

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को ऐतिहासिक रिज पर विंटर कार्निवाल शिमला का शुभारंभ करते हुए कहा कि प्रदेश में नए साल के मौके पर पांच जनवरी तक रेस्तरां और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों को चौबीस घंटे खोलने की इजाजत दी है, ताकि पर्यटकों को सुविधा मिले। रिज पर विंटर कार्निवाल दो जनवरी, 2025 तक चलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने ही पहली बार शिमला और धर्मशाला में विंटर कार्निवाल की शुरूआत की हैै। प्रदेश सरकार द्वारा मनाली में भी विंटर कार्निवाल बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है। इस तरह के कार्निवाल और उत्सव राज्य की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करते हैं। वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य में पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए दृढ़ प्रयास कर रही है, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक प्रदेश के नैसर्गिक सौंदर्य की ओर आकर्षित हों और हिमाचल पर्यटन राज्य बन सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पांच जनवरी, 2025 तक रेस्तरां और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों को चौबीसों घंटे खोलने के संबंध में अधिसूचना जारी की है, ताकि पर्यटकों और आगंतुकों को राज्य में भ्रमण के दौरान किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े। राज्य सरकार पर्यटकों को सभी प्रकार की सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने आगंतुकों से कार्निवाल और बर्फबारी का भरपूर आनंद लेने का आग्रह किया।

उन्होंने सभी से डस्टबिन का उपयोग सुनिश्चित कर राज्य को पॉलीथिन मुक्त रखने की भी अपील की। मुख्यमंत्री ने शिमला पुलिस को भी निर्देश दिए हैं कि यदि कार्निवल और न्यू ईयर के दौरान कोई पर्यटक झूम भी जाए, तो उस पर कार्रवाई न करें। कहीं ऐसा न हो कि जेल में डाल दिया जाए। इस तरह के मामलों में पर्यटकों को उनके होटल तक पहुंचाएं।

मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की है कि शिमला शहर सहित राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में क्रिसमस और नववर्ष के दौरान बर्फबारी का एक और दौर होगा, जो कि पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि इस बार सर्दियों के मौसम में अच्छी बर्फबारी होगी, जो कि हमारे जल स्रोतों को रिचार्ज करने में काफी मददगार साबित होगी। उन्होंने विंटर कार्निवाल को शानदार तरीके से आयोजित करने के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन शिमला को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, विधायक हरीश जनारथा, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

सांस्कृतिक परेड को हरी झंडी दिखाने के बाद मुख्यमंत्री ने महानाटी में लिया भाग

मुख्यमंत्री सुक्खू ने विंटर कार्निवाल के शुभारंभ मौके पर रिज पर सांस्कृतिक परेड को हरी झंडी दिखाई और इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने उद्योग मंत्री के साथ महानाटी में भी भाग लिया, जिसमें 11 जिलों के प्रतिभागी शामिल रहे। रिज पर अगले 10 दिन तक रौनक रहेगी। देर रात तक पर्यटकों का यहां मनोरंजन होगा।

बालीवुड, पंजाबी और लोकल गायक रिज पर देशभर से यहां पहुंचने वाले टूरिस्ट का मनोरंजन करेंगे। विंटर कार्निवल में पहली स्टार नाइट में शबाब शबरी मुख्य कलाकार हैं।

Related posts

Himachal News: HAS अधिकारी ओशिन शर्मा के नाम पर फर्जी फेसबुक अकाउंट, AI से बनी आपत्तिजनक फोटो वायरल; पुलिस ने दर्ज किया केस

Admin

भारतीय सेना और हिमाचल के लिए सुख भरी खबर, भुभू जोत टनल और नेशनल हाईवे के लिए डिफेंस मिनिस्ट्री राजी

Admin

संशोधित पेंशन के मामले में समय पर पूरा नहीं हुआ हाईकोर्ट का आदेश, शिक्षा विभाग के बड़े अफसरों पर जेल जाने की लटकी तलवार

Admin

Leave a Comment