July 14, 2026
Baijnath

Bir Billing News: विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़ में वेस्ट वॉरियर्स ने संभाली ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की जिम्मेदारी

बैजनाथ, 13 जुलाई (वीर खड़का)

विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग पर्यटन स्थल बीड़ में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए वेस्ट वॉरियर्स संस्था ने रविवार से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) का कार्य औपचारिक रूप से शुरू कर दिया। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) बैजनाथ संकल्प गौतम ने कूड़ा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं संस्था के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसडीएम संकल्प गौतम ने बताया कि वेस्ट वॉरियर्स संस्था नगर पंचायत बीड़ क्षेत्र के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से नियमित रूप से कूड़ा संग्रहित करेगी तथा उसका वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गीले और सूखे कचरे का पृथक संग्रहण अनिवार्य रूप से किया जाए तथा लोगों को स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक किया जाए।

उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली की सफलता के लिए जनसहभागिता बेहद आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक, व्यापारी और संस्थान को स्वच्छता बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी ताकि बीड़ की पर्यटन पहचान और अधिक मजबूत हो सके।

स्वच्छता नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एसडीएम ने नगर पंचायत क्षेत्र के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा।

उन्होंने कूड़ा संग्रहण एवं अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े स्थानों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नालियों के ऊपर उपयुक्त जालियां लगाने के निर्देश दिए, ताकि ठोस कचरा नालियों में न पहुंचे, जल निकासी सुचारू बनी रहे और जलभराव व गंदगी जैसी समस्याओं से बचा जा सके।

एसडीएम ने बताया कि नगर पंचायत बीड़ कार्यालय में आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती भी कर दी गई है। इन कर्मचारियों के माध्यम से नियमित कूड़ा संग्रहण, सफाई और अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

उन्होंने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, होटल संचालकों तथा पर्यटकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालें और स्वच्छता नियमों का पालन करें। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन, नगर पंचायत, वेस्ट वॉरियर्स संस्था और आम जनता के सामूहिक प्रयासों से बीड़ को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल आदर्श पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकेगा।

Related posts

Baijnath News: बैजनाथ डिग्री कॉलेज में राजनीति शास्त्र व समाजशास्त्र के एमए कोर्स शुरू, विधायक किशोरी लाल का वायदा पूरा

Admin

Baijnath News :जब पहाड़ी हेडिंग देखकर चहक उठे थे ‘पंडी जी’— “पंडते जो पता हुंदा कुस दी मैस सुइयो कन्ने कुसदा बल्द बमार है”

Admin

MahaShivratri Baijnath :बैजनाथ में कंवर ग्रेवाल ने झूमाया पंडाल, आज ठाकुर दास राठी मचाएंगे नाटी का तूफान

Admin

Leave a Comment