November 1, 2026
Baijnath

Baijnath News: आईटीआई बैजनाथ में 19 जून को कैंपस इंटरव्यू, दो नामी कंपनियां देंगी रोजगार के अवसर

बैजनाथ, 17 जून (वीर खड़का)
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बैजनाथ में आगामी 19 जून, 2026 को युवाओं के लिए रोजगार का एक सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। संस्थान की प्रधानाचार्या रीता शर्मा ने बताया कि इस दिन देश की दो प्रतिष्ठित कंपनियों—एल एंड टी कंस्ट्रक्शन लिमिटेड और डेंसो हरियाणा प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा। इस प्लेसमेंट ड्राइव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण के साथ-साथ सीधे रोजगार से जोड़ना है।
इस कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने वाली पहली कंपनी, एल एंड टी कंस्ट्रक्शन लिमिटेड, चयनित युवाओं के लिए 45 दिनों का एक विशेष प्रोफेशनल ट्रेनिंग कार्यक्रम चलाएगी। इस ट्रेनिंग के दौरान अभ्यर्थियों को प्रैक्टिकल और स्किल-बेस्ड ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसके लिए रहने और खाने की व्यवस्था कंपनी की ओर से पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। सफलतापूर्वक ट्रेनिंग पूरी करने वाले उम्मीदवारों को कंपनी में स्थायी रोजगार मिलेगा। इसके लिए किसी भी ट्रेड से आईटीआई पास और 18 से 35 वर्ष की आयु के अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिन्हें शुरुआत में लगभग 18,200 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
दूसरी ओर, डेंसो हरियाणा प्राइवेट लिमिटेड द्वारा अपने यूजीसी (UGC) अनुमोदित बी.वोकेशनल कार्यक्रम के तहत भर्ती की जाएगी। इस ड्राइव में फिटर, इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, टर्नर, मशीनिस्ट, वायरमैन और एमएमवी ट्रेड के 12वीं व आईटीआई उत्तीर्ण (वर्ष 2025 के पासआउट और 2026 में परीक्षा दे रहे) छात्र भाग ले सकते हैं। इसके लिए आयु सीमा 18 से 24 वर्ष तय की गई है और चयन लिखित परीक्षा के आधार पर होगा। चयनित उम्मीदवारों को पहले साल 26 हजार, दूसरे साल 28 हजार और तीसरे साल 30 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा। प्रधानाचार्या रीता शर्मा ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से 19 जून को अपने सभी शैक्षणिक दस्तावेज़ों, पहचान पत्र, बायोडाटा और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ समय पर संस्थान पहुँचने की अपील की है।

Related posts

बैजनाथ में उचित मूल्य की दुकान का उद्घाटन: विधायक किशोरी लाल ने कहा, जन-जन तक मूलभूत सुविधाएँ पहुँचाने को सरकार प्रतिबद्ध

Admin

राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी ने विनय अवस्थी के हुनर को सराहा

Admin

हिमाचली बेटी सोनाली शर्मा ने जीता “मिस एशिया इंडिया इंटरनेशनल 2025” का ताज, पूरे प्रदेश का किया मान बढ़ाया

Admin

Leave a Comment