23.8 C
Baijnath
August 17, 2026
Baijnath

Baijnath Sehal News : प्रधान सन्नी कपूर का ऐलान: सेहल पंचायत में बिना अनुमति नहीं घूमेंगे फेरीवाले और भिखारी, किरायेदारों का पंजीकरण अनिवार्य

ग्राम पंचायत सेहल की ग्राम सभा में विकास, स्वच्छता और सामाजिक व्यवस्था से जुड़े कई अहम प्रस्ताव पारित

बैजनाथ, 13 जुलाई (वीर खड़का)

ग्राम पंचायत सेहल की प्रथम ग्राम सभा का आयोजन प्रधान सन्नी कपूर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। ग्राम सभा में धरेड़–सेहल वार्ड के बीडीसी सदस्य रविंद्र कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। कोरम पूरा होने के बाद पंचायत सचिव ने पिछले तीन माह का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे ग्राम सभा ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के लिए 40 आवासों के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही VB-GRAM-G का शेल्फ भी स्वीकृत किया गया।

ग्राम सभा में सामाजिक व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। निर्णय लिया गया कि पंचायत क्षेत्र में किसी भी शुभ अवसर पर किन्नर समुदाय को बधाई/शगुन के रूप में अधिकतम 2100 रुपये तक की राशि ही दी जाएगी। यदि इससे अधिक राशि की मांग की जाती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के लिए प्रशासन से आग्रह किया जाएगा।

प्रधान सन्नी कपूर ने ग्रामवासियों से अपील की कि साधु-संतों को व्यक्तिगत रूप से नकद भिक्षा देने के बजाय अपनी श्रद्धानुसार गांव के मंदिरों में दान करें, ताकि प्राप्त धनराशि का उपयोग मंदिरों के रखरखाव, विकास तथा अन्य जनहित कार्यों में किया जा सके।

सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से ग्राम सभा ने प्रस्ताव पारित किया कि पंचायत क्षेत्र में कोई भी फेरी वाला, भिखारी, साधु अथवा चंदा मांगने वाला व्यक्ति पंचायत की पूर्व अनुमति के बिना प्रवेश या गतिविधि नहीं करेगा। साथ ही पंचायत क्षेत्र में रहने वाले सभी किरायेदारों का पंचायत में अनिवार्य पंजीकरण कराने का भी निर्णय लिया गया, ताकि प्रत्येक व्यक्ति का आवश्यक रिकॉर्ड उपलब्ध रहे और किसी भी स्थिति में प्रशासन को सहयोग मिल सके।

स्वच्छता को लेकर ग्राम सभा ने स्पष्ट किया कि पंचायत क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति खुले में गीला या सूखा कूड़ा नहीं फेंकेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध पंचायत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करेगी।

बैठक में चंगर विद्युत परियोजना द्वारा बिछाई गई पानी की पाइपलाइन के कारण कई स्थानों पर जल निकासी बाधित होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। ग्राम सभा ने प्रस्ताव पारित कर संबंधित कंपनी से कूहलों की सफाई कराने तथा बाधित जल निकासी व्यवस्था को शीघ्र बहाल करने की मांग की।

इस अवसर पर बीडीसी सदस्य रविंद्र कुमार ने कहा कि ग्राम सभा द्वारा पारित प्रस्ताव पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता, सामाजिक अनुशासन, सुरक्षा और जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने चंगर विद्युत परियोजना से प्रभावित जल निकासी व्यवस्था को जल्द बहाल करने पर भी जोर दिया।

प्रधान सन्नी कपूर ने उन्हें प्रधान पद पर निर्वाचित करने के लिए सभी ग्रामवासियों का तहेदिल से आभार व्यक्त किया और पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए सभी के सहयोग की अपेक्षा जताई।

सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने पारित प्रस्तावों का समर्थन करते हुए पंचायत के विकास, स्वच्छता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया। अंत में उपप्रधान भिखम दास ने सभी उपस्थित ग्रामीणों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related posts

डीसी ने मुल्थान में प्रभावित क्षेत्र का लिया जायजा, प्रबंधन को दिए निर्देश

Admin

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एक सच्चे जन सेवक-रिशव पांडव

Admin

Paprola:पठानकोट-जोगिंदरनगर रेललाइन का ब्रॉडगेज में होगा कायाकल्प, नवंबर से शुरू होगी रेलगाड़ियों की आवाजाही

Admin

Leave a Comment