April 30, 2026
Mandi

बाबा भूतनाथ का सजा दरबार, घृत कंबल से हुआ श्रृंगार, छोटी काशी में भक्तों का लगा तांता

मंडी: हिमाचल प्रदेश के छोटी काशी मंडी के प्राचीन बाबा भूतनाथ मंदिर के शिवलिंग पर बीती रात को माखन का लेप चढ़ा दिया गया है. इस माखन को तारारात्रि की रात को चढ़ाया जाता है जिसे घृत कंबल कहते हैं. ऐसी मान्यता है कि तारारात्रि से शिवरात्रि के बीच शुभ कामों की शुरुआत हो जाती है. रोजाना भक्तों द्वारा मंदिर में माखन चढ़ाया जाएगा और उसका लेप इस शिवलिंग पर लगाया जाएगा. रोजाना माखन के इस लेप पर भोले बाबा के विभिन्न रूपों की आकृतियां उकेरकर लोगों को दर्शन करवाए जाएंगे.

शिवरात्रि को उतारा जाएगा लेप

पहले दिन बाबा भूतनाथ मंदिर के शिवलिंग पर कुल्लू स्थित बिजली महादेव की आकृति उकेरकर दर्शन करवाए गए. बाबा भूतनाथ मंदिर के पुजारी महंत दयानंद सरस्वती ने बताया, “बीती रात को माखन का लेप लगाने के लिए बड़ी संख्या में लोग मंदिर में मौजूद रहे. डीआईजी मंडी सौम्या सांबशिवन और कारोबारी अभिषेक मेहरा सहित कई हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई. माखन के इस लेप को शिवरात्रि वाले दिन उतारा जाएगा और फिर इसे प्रसाद के रूप में सभी भक्तों को बांटा जाएगा.”

सदियों से चली आ रही परंपरा

छोटी काशी मंडी के लोगों में हर साल अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का बेसब्री से इंतजार रहता है. मंदिर पहुंचे स्थानीय निवासी पवन कुमार और विद्या शर्मा ने बताया कि बाबा भूतनाथ मंदिर पर माखन का लेप लगाने की परंपरा सदियों से चली आ रही है और लेप लगाते ही शिवरात्रि के शुभ कार्यों की तैयारियां भी शुरू हो जाती हैं. बता दें कि शिवरात्रि वाले दिन प्रशासनिक अधिकारी भी इसी मंदिर में आकर पूजा अर्चना करके महोत्सव की मंगलकामना की प्रार्थना करते हैं. इस मंदिर का निर्माण 1527 ई. में तत्कालीन राजा अजबर सेन द्वारा करवाया गया था. इस मंदिर की धार्मिक मान्यता है कि यहां स्वयंभू शिवलिंग प्रकट हुए थे.

Related posts

द्रंग कांग्रेस की बैठक शुक्रवार को पधर में-

Admin

राजकीय प्राथमिक पाठशाला में निपुण मेले का हुआ आयोजन

Admin

50 लोगों की सुरक्षित निकासी, नगवाईं राहत शिविर में किया शिफ्ट

Admin

Leave a Comment