30.4 C
Baijnath
May 16, 2026
Mandi

कंगना रनौत का लडभड़ोल दौरा: पहाड़ी बोली में जाहिर की भावनाएं, कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

मंडी संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव जीतने वाली सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने सोमवार को पहली बार लडभड़ोल तहसील क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और भाजपा मंडल लडभड़ोल के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। विधायक प्रकाश राणा ने कंगना को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ कंगना की एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़ी।

अपने संबोधन में कंगना ने पहाड़ी बोली में अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि जब वह बॉलीवुड में सक्रिय थीं, तब भी हिमाचल आने के लिए उनका मन तरसता था। चुनाव जीतने के बाद लोगों से मिलने और क्षेत्र का दौरा करने की अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बेहद खास अनुभव है। इस मौके पर कंगना ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में हिमाचल प्रदेश के हालात बद से बदतर हो गए हैं और अपनी देवभूमि की यह दुर्दशा देखकर उन्हें गहरा दुख होता है।

कंगना ने कांग्रेस सरकार पर मंडी की महिलाओं का नाम खराब करने का आरोप लगाया। चुनावी नतीजों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मंडी, खासकर जोगिंद्रनगर से मिली बढ़त के बाद ऐसा सबक मिला है कि वह दोबारा यहां से चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं करेगी। जनता का आभार व्यक्त करते हुए कंगना ने कहा कि उन्हें गर्व है कि हिमाचल की जनता ने एक सामान्य बेटी को संसद तक पहुंचाया। उन्होंने बताया कि जब वह लोकसभा में किसी मुद्दे पर बटन दबाकर अपना समर्थन दर्ज करती हैं, तो उन्हें हिमाचल की जनता और इस देवभूमि की बहुत याद आती है, जिन्होंने उन्हें यह सम्मान दिया।

यह दौरा कंगना रनौत के लिए अपनी जड़ों से जुड़ने और जनता के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा।

Related posts

निशानदेही/तकसीम के लम्बित मामले निपटाने को 23 मई से विशेष अभियान

Admin

जिला परिषद कैडर कर्मचारी महासंघ की हड़ताल 19वें दिन में प्रवेश

Admin

सीएम 29 को मंडी में लेंगे अधिकारियों की बैठक

Admin

Leave a Comment