मंडी, 25 अप्रैल 2025: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। पंडोह खोलानाला संपर्क मार्ग पर एक ऑल्टो कार के पंडोह डैम की खाली भूमि पर गिरने से पांच बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दूल्हे का भाई, भाभी, आठ माह की भतीजी और अन्य रिश्तेदार शामिल हैं।

हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त
पुलिस के अनुसार, हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर एसडीआरएफ और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पंडोह डैम के किनारे गहरी खाई में गिरी कार तक पहुंचने के लिए नाव का सहारा लिया गया। राहत और बचाव कार्य के दौरान सभी पांच शवों को बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दुनी चंद (दूल्हे का भाई), कांता देवी (भाभी), आठ माह की बच्ची कींजल, डाहलू राम (निवासी नौण) और नेपाल मूल की मीना देवी के रूप में हुई है। यह परिवार गोहर उपमंडल के तरौर गांव से शेर सिंह की बारात में शामिल होने भाटकीधार गया था। शादी संपन्न होने के बाद ये लोग अपने घर लौट रहे थे।
प्रशासन ने लिया घटना का जायजा
हादसे की सूचना मिलते ही मंडी प्रशासन हरकत में आया। उपमंडल अधिकारी (सदर) ओमकांत ठाकुर ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार ने हादसे में बच्ची समेत पांच लोगों की मौत की पुष्टि की।
परिवार में शोक की लहर
इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। प्रशासन और स्थानीय लोग प्रभावित परिवार की सहायता में जुटे हैं। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक के नियंत्रण खो देने से यह हादसा हुआ।