धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां पंजाब के एक युवक ने स्थानीय युवक पर पिस्टल से गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली स्थानीय युवक को छूते हुए निकल गई, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, और पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पंजाब के करीब पांच युवक धर्मशाला के एक मॉल के पास सड़क पर खड़े थे। इन युवकों की बाइक की चाबी खो गई थी, और वे उसे तलाश कर रहे थे। इसी दौरान एक स्थानीय युवक वहां पहुंचा, जिसे पंजाबी युवकों ने चाबी ढूंढने के लिए कहा। स्थानीय युवक ने जवाब दिया कि चाबी उनकी खोई है, इसलिए वे खुद ढूंढें। इस बात पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। पंजाबी युवकों ने स्थानीय युवक को थप्पड़ जड़ दिए।
इसके बाद स्थानीय युवक ने फोन पर अपने दोस्तों को मारपीट की जानकारी दी। जब उसके दोस्त मौके पर पहुंचे, तब तक पंजाबी युवक कोतवाली बाजार की ओर चले गए थे। स्थानीय युवकों ने कार में उनका पीछा किया और होटल धौलाधार के पास उनसे मारपीट का कारण पूछा। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में फिर से हाथापाई हुई। इसी दौरान पंजाब के एक युवक ने जेब से पिस्टल निकालकर स्थानीय युवकों पर फायर कर दिया। गोली एक युवक को छूते हुए निकल गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी ने दोबारा गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन पिस्टल से गोली नहीं चली। पिस्टल देखकर स्थानीय युवक भाग गए और आड़ लेकर पंजाबी युवकों पर पत्थर फेंके। इसके बाद पंजाबी युवक अपनी एक बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए।
शनिवार सुबह स्थानीय युवकों ने पुलिस में शिकायत दर्ज की। पुलिस ने अज्ञात 5-6 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोल बरामद किया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। आरोपियों द्वारा छोड़ी गई मोटरसाइकिल के आधार पर पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए छानबीन की जा रही है। पुलिस टीमें संदिग्धों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
यह घटना धर्मशाला में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रही है, और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील की है।
