26.3 C
Baijnath
May 17, 2026
Shimla

Shimla :शिमला में वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण आज, सोनिया-प्रियंका करेंगी उद्घाटन, कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आज छह बार के मुख्यमंत्री रहे स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण होगा। इस भव्य समारोह में कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा मुख्य रूप से शामिल होंगी। इस अवसर पर सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है।

10 हजार कार्यकर्ताओं की भागीदारी का दावा
कांग्रेस नेताओं का दावा है कि इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से करीब 10 हजार कार्यकर्ता शामिल होकर वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देंगे। इसके लिए रिज पर लगभग 7,000 कुर्सियां लगाई गई हैं, जबकि 1,000 कुर्सियां रिजर्व रखी गई हैं। शिमला ग्रामीण से विधायक और स्व. वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह ने इस आयोजन में सबसे ज्यादा भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है। ठियोग, रोहड़ू, रामपुर, किन्नौर और शिमला शहरी सीटों से भी भारी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

सोनिया-प्रियंका शिमला पहुंचीं
सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी रविवार को ही शिमला पहुंच चुकी हैं और प्रियंका के छराबड़ा स्थित आवास पर ठहरी हैं। रिज मैदान को इस आयोजन के लिए पूरी तरह सजाया गया है। शहर भर में वीरभद्र सिंह के पोस्टर लगाए गए हैं। सुबह 11 बजे प्रतिमा का अनावरण होगा, जिसके बाद कांग्रेस नेता एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

मशहूर मूर्तिकार राम सुतार ने बनाई 9 फीट ऊंची प्रतिमा
वीरभद्र सिंह की 9 फीट ऊंची प्रतिमा मशहूर मूर्तिकार राम सुतार और उनके बेटे अनिल सुतार ने बनाई है। अष्टधातु से बनी इस प्रतिमा में तांबा और जिंक का मुख्य रूप से उपयोग हुआ है। इसे बनाने में 6 महीने का समय और करीब 24 लाख रुपये की लागत आई है। यह प्रतिमा रिज पर दौलत सिंह पार्क में हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार की मूर्ति के साथ स्थापित की गई है।

फोटो प्रदर्शनी में दिखेगा वीरभद्र का राजनीतिक सफर
रिज पर वीरभद्र सिंह के राजनीतिक जीवन पर आधारित एक फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें उनके पूरे राजनीतिक करियर की झलकियां प्रदर्शित होंगी। रिज पर पहले से ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, अटल बिहारी वाजपेयी, लेफ्टिनेंट जनरल दौलत सिंह, लाला लाजपत राय, लाल बहादुर शास्त्री, बाबा साहब अंबेडकर और राजीव गांधी की प्रतिमाएं स्थापित हैं।

कांग्रेस के दिग्गज नेता होंगे शामिल
इस आयोजन में सोनिया और प्रियंका गांधी के अलावा कांग्रेस के पूर्व प्रभारी राजीव शुक्ला, रजनी पाटिल, सचिन पायलट, दीपेंद्र हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। रजनी पाटिल दो दिन पहले ही शिमला पहुंच चुकी हैं। विक्रमादित्य सिंह ने विपक्षी नेताओं को भी इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया है।

कड़े सुरक्षा इंतजाम
कार्यक्रम के लिए शिमला में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शिमला पुलिस के साथ-साथ रिजर्व बटालियन और सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। पंडाल में प्रवेश से पहले कड़ी जांच होगी। रिज पर बनाए गए भव्य स्टेज पर सोनिया गांधी, प्रियंका वाड्रा, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और सभी कैबिनेट मंत्री मौजूद रहेंगे।

यह आयोजन न केवल वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करने का अवसर है, बल्कि कांग्रेस के लिए एक बड़ा राजनीतिक मंच भी साबित होने की उम्मीद है।

Related posts

Himachal News: HAS अधिकारी ओशिन शर्मा के नाम पर फर्जी फेसबुक अकाउंट, AI से बनी आपत्तिजनक फोटो वायरल; पुलिस ने दर्ज किया केस

Admin

हिमाचल में आज से बदलेगा मौसम, जानें कब-कब होगी बारिश बर्फबारी?

Admin

Sukhu Govt.:टॉयलेट सीट से लेकर समोसा प्रकरण और राहुल गांधी से जुड़े ऑडियो पर जांच, जानिए सुख की सरकार में दूसरे साल के अजब-गजब विवाद

Admin

Leave a Comment