सुंदरनगर (मंडी), 6 नवंबर: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर में बुधवार को दिनदहाड़े एक नाबालिग लड़की को अगवा करने की कोशिश से इलाके में हंगामा मच गया। मुस्लिम समुदाय के एक शादीशुदा व्यक्ति ने लड़की का हाथ पकड़कर उसे अपनी कार में बिठाने का प्रयास किया और उसके साथ अश्लील हरकतें की। आरोपी कई दिनों से स्कूल आती-जाती लड़की का पीछा कर परेशान कर रहा था। लोगों ने उसे पकड़कर जमकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद थाने में दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई, जिससे मनाली-चंडीगढ़ हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना बुधवार शाम की है, जब आरोपी लड़की के घर के पास पहुंच गया। पीड़िता ने सुबह अपने परिजनों को बताया था कि पिछले कुछ दिनों से एक व्यक्ति उसका पीछा कर रहा है। मंगलवार को स्कूल से लौटते समय उसने हाथ पकड़कर कार में बिठाने की कोशिश की थी, लेकिन शोर मचाने पर वह फरार हो गया। परिजनों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी का पता लगाने की कोशिश की। इसी बीच वह फिर घर के पास आ धमका, जहां स्थानीय लोगों ने उसे दबोच लिया और पिटाई की।
आरोपी करीब 10 वर्ष तक विदेश में रहा और अब सुंदरनगर में बीज की दुकान चलाता है। उसके दो विवाह हैं—एक कश्मीर में और दूसरा बिलासपुर जिले के घुमारवीं में। घटना की सूचना मिलते ही उसके रिश्तेदार और समुदाय के लोग थाना सुंदरनगर पहुंच गए। थाना परिसर में पीड़ित पक्ष और आरोपी पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।
आरोपी पक्ष ने भी लोगों पर पिटाई और तेल डालकर जलाने की कोशिश की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता और उसके परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अगवा करने की कोशिश, छेड़छाड़ और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस अलर्ट पर है।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण छुट्टी पर थे और वापस लौट रहे हैं। उन्होंने कहा, “दोनों पक्षों की शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे कदम उठाए जाएंगे।” पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
