28 C
Baijnath
August 24, 2026
Baijnath

बीड़-बिलिंग क्षेत्र के पर्यटन, आधारभूत ढांचे और पर्यावरण संरक्षण पर विस्तृत चर्चा

बैजनाथ, 6 नवंबर 2025( वीर खड़का)
हिमाचल प्रदेश के बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बीड़-बिलिंग क्षेत्र को विश्वस्तरीय पैराग्लाइडिंग स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। गुरुवार को ग्राम पंचायत कार्यालय बीड़ में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता विधायक किशोरी लाल ने की। इस बैठक में क्षेत्र के पर्यटन विकास, आधारभूत ढांचे के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण जैसे प्रमुख मुद्दों पर गहन मंथन किया गया।

बैठक में बीड़-बिलिंग के प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाओं पर जोर दिया गया। विधायक किशोरी लाल ने कहा कि इस क्षेत्र को पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षक बनाने के लिए नेचर पार्क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए उपयुक्त स्थान शीघ्र चिन्हित किया जाएगा, जिससे न केवल पर्यटक आकर्षित होंगे, बल्कि स्थानीय समुदाय को भी आर्थिक लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पैराग्लाइडिंग लैंडिंग साइट पर अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता बनी रहे।

आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए विधायक ने सड़क, पेयजल, बिजली और स्वच्छता संबंधी सभी योजनाओं को प्राथमिकता पर पूरा करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि साडा क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए तथा अधोसंरचना कार्यों को निर्धारित समयसीमा में समाप्त किया जाए। इसके अलावा, साडा क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नियमित प्रयासों पर बल दिया गया। विधायक ने यह भी ऐलान किया कि हर सप्ताह बुधवार को साडा के अधिकारी बीड़ में स्थानीय लोगों की शिकायतें सुनेंगे, जिससे विकास प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी।

पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए किशोरी लाल ने क्षेत्रवासियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने का आग्रह किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि बीड़-बिलिंग का प्राकृतिक पर्यावरण ही इसका सबसे बड़ा आकर्षण है, और इसे संरक्षित रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में पर्यटन क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने पर भी चर्चा हुई। होमस्टे, साहसिक खेलों और पर्यटन सेवाओं में प्रशिक्षण देकर युवाओं को सशक्त बनाने की योजना पर सहमति बनी।

बैठक में एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम, तहसीलदार बैजनाथ रमन ठाकुर, साडा के पर्यवेक्षक रणविजय, सदस्य सचिव सहायक नगर नियोजक निशांत शर्मा, कनिष्ठ अभियंता दिव्यानी, रेंजर वन अधिकारी अंजना, प्लानिंग ऑफिसर पालमपुर आदर्श चौहान, अमित शर्मा (मीडिया प्रभारी), अजय गौड़ (मीडिया सहप्रभारी), प्रधान बीड़ सुरेश कुमार, हरबंस लाल, मदन ठाकुर, चमन भंगालिया तथा संबंधित पंचायतों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

यह बैठक बीड़-बिलिंग को एक आदर्श पर्यटन गंतव्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी, जहां पर्यटन, विकास और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखा जा सके। स्थानीय निवासियों में विकास योजनाओं को लेकर उत्साह है, और उम्मीद है कि प्रस्तावित कदम जल्द ही धरातल पर उतरेंगे।

Related posts

Baijnath News : बैजनाथ स्थित गुरुकुल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला का जमा दो परिणाम शानदार, तीन छात्राओं ने बनाया स्कूल का मान

Admin

AMS UCC India: बीड़-बिलिंग में एशियन माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता का शानदार आगाजपहले दिन भारतीय साइक्लिस्टों का दबदबा, 8 देशों के 117 प्रतिभागी शामिल

Admin

पंचायत बैजनाथ पपरोला के अध्यक्ष उपाध्यक्ष का हुआ शपथ समारोह।आशा कुमारी व राजन कुमार ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

Admin

Leave a Comment