बैजनाथ, 19 दिसंबर( वीर खड़का )
जवाहर मेमोरियल पब्लिक स्कूल चौबीन में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल ने मुख्यातिथि के रूप में भाग लिया।
अपने संबोधन में विधायक किशोरी लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार ठोस प्रयास कर रही है। इसके फलस्वरूप हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय शिक्षा सूचकांक में 21वें स्थान से छलांग लगाकर 5वें स्थान पर पहुंच गया है, जो प्रदेशवासियों के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्रदान नहीं करती, बल्कि व्यक्ति को जिम्मेदार नागरिक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विधायक ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य रचनात्मक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है; जीवन कौशल, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास भी आवश्यक है।
समारोह में छात्रों ने देशभक्ति, नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शैक्षणिक, खेल और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को विधायक किशोरी लाल ने पुरस्कार वितरित किए। साथ ही, उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए प्रोत्साहन स्वरूप 11 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या शारदा कटोच ने मुख्यातिथि का स्वागत किया, जबकि उप प्रधानाचार्या सोनिया राणा ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने शैक्षणिक उपलब्धियों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए अभिभावकों तथा शिक्षकों के सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।
यह समारोह विद्यालय के छात्रों के सर्वांगीण विकास और शिक्षा के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
