26 C
Baijnath
May 4, 2026
Shimla

Himachal News: हिमाचल में व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति 14 मार्च से फिर शुरू, होटल-ढाबा कारोबार को राहत

शिमला/नादौन: हिमाचल प्रदेश में व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की कमी से जूझ रहे होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों के लिए राहत की खबर है। 14 मार्च से प्रदेश में व्यावसायिक सिलिंडरों की लगभग 20 प्रतिशत आपूर्ति फिर से शुरू होने जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश को प्रतिदिन करीब 600 से अधिक व्यावसायिक सिलिंडर मिलने लगेंगे।

हाल के दिनों में सिलिंडरों की आपूर्ति में आई कमी का असर होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट कारोबार पर साफ दिखाई देने लगा था। हिमाचल प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 3012 व्यावसायिक सिलिंडरों और 30 हजार से अधिक घरेलू सिलिंडरों की खपत होती है। हालांकि पिछले कुछ दिनों में व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति काफी कम हो गई थी।

मार्च के दूसरे सप्ताह में तो स्थिति यह हो गई कि व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति घटकर दर्जनों तक सीमित रह गई। जबकि प्रदेश में गैस एजेंसियों के पास रोजाना करीब 70 हजार घरेलू सिलिंडरों का स्टॉक मौजूद रहता है। फरवरी के अंतिम सप्ताह में जहां प्रतिदिन लगभग तीन हजार व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध हो रहे थे, वहीं मार्च में यह संख्या तेजी से घट गई।

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निदेशक राम कुमार गौतम ने बताया कि फिलहाल अस्पतालों, स्कूलों और कॉलेजों के छात्रावासों को प्राथमिकता के आधार पर व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शनिवार से प्रदेश को 20 प्रतिशत व्यावसायिक सिलिंडरों का कोटा मिलना शुरू हो जाएगा। वहीं घरेलू गैस सिलिंडरों का स्टॉक पर्याप्त है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।

अनावश्यक गैस बुकिंग से बचने की अपील

प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है और इसमें किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे घबराहट में आकर अनावश्यक गैस बुकिंग न करें।

मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने कहा कि गैस बुकिंग से जुड़ी सर्वर संबंधी दिक्कतें शनिवार सुबह तक ठीक कर दी जाएंगी। लोगों से आग्रह किया गया है कि वे केवल एक बार ही गैस बुकिंग करें, ताकि सर्वर पर अनावश्यक दबाव न पड़े और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष टीमें गठित

गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए जिला स्तर पर विशेष टीमें गठित की गई हैं। यदि कहीं गैस की कालाबाजारी या जमाखोरी की सूचना मिले तो लोग विभाग के टोल फ्री नंबर 1967 और 1100 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। साथ ही प्रदेश में केरोसिन तेल का भी पर्याप्त भंडारण उपलब्ध बताया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा— अफवाहों से बचें

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने नादौन में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश में गैस सिलिंडरों की कोई जमाखोरी नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भी हिमाचल प्रदेश में गैस की कमी न होने का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें और घबराने की जरूरत नहीं है।

Related posts

हिमाचल में मौसम लेगा करवट, बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, इन जिलों में कोल्ड वेव की चेतावनी

Admin

शिमला में कॉलेज छात्रा के साथ प्रोफेसर ने की छेड़छाड़, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

Admin

हिमाचल विधानसभा: भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर लगाए झूठ बोलने के गंभीर आरोप, विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव पेश

Admin

Leave a Comment