16.8 C
Baijnath
October 13, 2026
Baijnath

Bir News: बीड़ रोड बाजार में दिनदहाड़े आग का तांडव – 2 दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान

मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चौंतड़ा के बीड़ रोड बाजार में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिनदहाड़े अचानक भीषण आग भड़क उठी। चंद ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और एक सब्जी तथा एक कपड़े की दुकान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।

इस अग्निकांड में प्रभावित दुकानदारों को करीब 3 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत सब्जी विक्रेता मुनीष कुमार की दुकान के पिछले हिस्से से हुई, जहां गत्ते और प्लास्टिक के क्रेट बड़ी मात्रा में रखे थे। ज्वलनशील सामग्री और तेज हवा ने आग को और भड़काने का काम किया, जिससे लपटें पास की कपड़े की दुकान तक जा पहुंचीं।

इस हादसे में कपड़े की दुकान की मालकिन रूपा भाटिया को सबसे अधिक आर्थिक नुकसान हुआ। हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत कार्रवाई की और काफी सामान सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे नुकसान को काफी हद तक सीमित किया जा सका।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें हरकत में आईं। जोगिंद्रनगर और बैजनाथ से पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो पूरा बाजार इसकी चपेट में आ सकता था।

घटना के बाद प्रशासन ने भी तेजी दिखाई। तलकेहड़ के पटवारी अक्षय कुमार और अजय कुमार ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया और रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। वहीं, चौंतड़ा पुलिस चौकी की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर प्रभावित लोगों के बयान दर्ज किए हैं।

यह घटना एक बार फिर बाजारों में आग से सुरक्षा के इंतजामों और सतर्कता पर बड़े सवाल खड़े कर रही है।

Related posts

Baijnath BJP: 1984 के दंगों के कथित आरोपी को सम्मान देना सिख समुदाय का अपमान: गुरमीत सिंह

Admin

Baijnath: सेहल में विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन, सनातन संस्कृति और एकता पर जोर

Admin

Baijnath News: घोड़पीठ में विद्युतीकृत नलकूप का लोकार्पण, पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत : किशोरी लाल

Admin

Leave a Comment