बैजनाथ ,बड़ा भंगाल, 27 जून | वीर खड़का
राज्यसभा सांसद एवं जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा के अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र की अति दुर्गम घाटी बड़ा भंगाल के प्रस्तावित प्रवास का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के इतिहास का एक ऐतिहासिक और जनहितकारी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि पहली बार कोई मुख्यमंत्री बड़ा भंगाल की दुर्गम घाटी में रात्रि प्रवास कर स्थानीय लोगों के बीच समय बिताएंगे, जिससे सरकार की संवेदनशील कार्यशैली और जनसरोकारों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है।
अनुराग शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल एक औपचारिक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और आम जनता के बीच विश्वास, आत्मीयता और संवाद को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्थानीय परिवारों द्वारा पारंपरिक तरीके से तैयार किए गए भोजन को उनके साथ बैठकर ग्रहण करेंगे, जो प्रदेश की संस्कृति और ग्रामीण जीवन के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान स्थानीय ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे तथा सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पैदल मार्ग, संचार और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को स्वयं सुनेंगे। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर वर्षों से लंबित विकास कार्यों को गति देने का प्रयास करेंगे।
अनुराग शर्मा ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार विकास को केवल शहरों और सुगम क्षेत्रों तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि दुर्गम और दूरस्थ इलाकों में रहने वाले प्रत्येक नागरिक तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। बड़ा भंगाल जैसे दुर्गम क्षेत्र में मुख्यमंत्री का रात्रि प्रवास इसी सोच का जीवंत उदाहरण है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बड़ा भंगाल की जनता इस ऐतिहासिक अवसर को लंबे समय तक याद रखेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस दौरे से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त होगा और विकास के नए अध्याय की शुरुआत होगी।
