19.1 C
Baijnath
October 7, 2026
Baijnath

Baijnath Congress: बेटा या पिता? 2027 में कौन होगा मैदान में? किशोरी लाल के बयान से बढ़ी सियासी हलचल

बैजनाथ 7 अक्टूबर 2026( वीर खड़का )

बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि 2027 में वह स्वयं चुनाव लड़ेंगे और उनका फैसला अटल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर उनकी प्राथमिकताएं स्पष्ट हैं और आने वाले समय में अधूरे कार्यों को पूरा करवाने के लिए वह पूरी तरह तैयार हैं।

एक विशेष बातचीत में विधायक किशोरी लाल ने बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बैजनाथ बाईपास और बस स्टैंड का मुद्दा लंबे समय से चर्चा में है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से इस संबंध में एक करोड़ रुपये स्वीकृत करवाए जा चुके हैं और टेंडर प्रक्रिया भी चल रही है। उनका प्रयास है कि बाईपास का निर्माण जल्द पूरा हो।

बैजनाथ सिविल अस्पताल में बेड और विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को लेकर विधायक ने कहा कि अस्पताल में पहले की तुलना में सुविधाओं में सुधार हुआ है। टेस्ट, भर्ती और ऑपरेशन की सुविधाएं उपलब्ध हैं, जबकि कुछ कमियों को दूर करने के प्रयास जारी हैं। अस्पताल में करीब 150 बेड करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

पार्किंग की समस्या पर उन्होंने बताया कि जमीन से जुड़े कुछ मामले अदालत में थे। इनके समाधान के बाद अतिरिक्त पार्किंग की दिशा में काम किया जाएगा। वहीं, खीरगंगा घाट के पास बनी पार्किंग को लेकर श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी के समाधान के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है।

युवाओं के रोजगार और चुनावी गारंटियों को लेकर किशोरी लाल ने कहा कि सरकार द्वारा दी गई गारंटियों को पूरा करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना बहाल की गई है और पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की योजना भी शुरू की गई है।

विधायक ने कहा कि हिमाचल की आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए सभी चुनावी गारंटियों को पूरा करना चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन सरकार अपने वादों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

कांगड़ा के कचरा प्रबंधन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बैजनाथ-पपरोला का कचरा फिलहाल पपरोला में पहुंचाया जा रहा है और वहां से खाद तैयार की जाती है। क्षेत्र में नियमित सफाई के लिए करीब 60-65 कर्मचारी कार्यरत हैं।

विधायक किशोरी लाल ने बताया कि पिछले चार वर्षों में बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में करीब 92 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों पर काम हुआ है। इसके अलावा करीब छह करोड़ रुपये की सीवरेज योजना भी शुरू हुई है। पेयजल समस्या के समाधान के लिए काम किया जा रहा है और अमृत योजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र की पेयजल समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है।

आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक किशोरी लाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह 2027 का चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं और उनका फैसला अटल है। वहीं टिकट को लेकर उन्होंने कहा कि टिकट देना पार्टी का अधिकार है, लेकिन यदि उन्हें टिकट मिलता है तो वह चुनाव लड़ेंगे और यदि उनके बेटे को टिकट मिलता है तो वह भी चुनाव लड़ सकता है। अंतिम फैसला पार्टी करेगी।

Related posts

घर में वापस लौटे बाढ़ प्रभावित, सड़क बिजली सप्लाई अभी बंद।

Admin

बारिश ने धो डाली बैजनाथ शिवरात्रि महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या।

Admin

Baijnath News: बैजनाथ शिव मंदिर के पास भूस्खलन रोकने का तोड़ ढूंढेगा आईआईटी मंडी

Admin

Leave a Comment