मंडी, 19 मई। सरकार ने इस साल शराब के कई नए ठेके खोल दिए हैं जिनका लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया है। बीते दिन मंडी शहर के भियूली मुहल्ले में ठेका खोलने के विरोध में लोग डीसी से मिले व विरोध प्रकट करते हुए ठेके को बंद करने का अल्टीमेटम दे दिया। रोचक तो यह है कि मंडी में नेशनल हाइवे पर पड्डल से लेकर बिंदरावणी तक दो किलोमीटर में ही पंाच ठेके हो गए हैं जिनमें तीन नए खोले गए हैं। मंडी शहर में हर मुहल्ले में ठेका खोला गया है। यह इसी साल से हुआ है।
इसी तरह से शुक्रवार को दं्रग विधानसभा क्षेत्र के इलाका बदार की घ्राण पंचायत के लोग डीसी से मिले और इस ठेके को तुरंत बंद करने की मांग उठाई। ग्राम पंचायत घ्राण की प्रधान मीना कुमारी व महिला मंडल व पंचायत सदस्यों हेम राज, लोहारी देवी, रीना देवी की अगुवाई में उपायुक्त को दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि गांव घ्राण में 18 मई यानि पिछले दिन शराब का नया ठेका खोला गया है। इस ठेके का समस्त ग्रामवासी व स्थानीय महिला मंडल, पंचायत के सभी प्रतिनिधि व स्वयं सहायता समूह कड़ा विरोध करते हैं। ठेका स्कूल से 50 मीटर की दूरी पर खोला गया है और ब्यास नदी के किनारे हैं। स्थानीय लोगों का आना जाना भी यहीं से है। ठेका खुल जाने से यहां का सारा माहौल खराब हो जाएगा, शोर शराबा, गालीगलौच की घटनाएं बढ़ जाएंगी। लड़ाई झगड़े में कुछ भी अनहोनी हो सकती है। मांग की गई कि इस ठेके को तुरंत प्रभाव से यहां से हटाने के आदेश विभाग को दिए जाएं।
