पधर
पंचायत समिति द्रंग की त्रैमासिक बैठक अध्यक्षा शीला ठाकुर की अध्यक्षता में पंचायत समिति सभागार पधर में संपन्न हुई। बैठक में खंड विकास अधिकारी एवं कार्यकारी अधिकारी पंचायत समिति विनय चौहान, पंचायत निरीक्षक संजय पाराशर, उप निरीक्षक चंद्रकांत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इस दौरान वित्तिय वर्ष 2023-24 के अंतर्गत 15वें वित्त आयोग के तहत पंचायतों में विकास कार्यों के सेल्फ तैयार किए गए। जिसमें समिति सदस्यों ने अपने अपने वार्डों से सबंधित (बीपीडीपी) ब्लॉक पंचायत डिवेलपमेंट प्लान के तहत सेल्फ थीम आधार पर तैयार किए।
इस दौरान विभिन्न विभागों से आए हुए अधिकारी और कर्मचारियों ने अपने अपने विभागों की योजनाओं बारे विस्तार से चर्चा करते हुए पात्र लोगों को लाभान्वित करने का आह्वान किया।
वहीं समिति सदस्यों ने अपने वार्डों की समस्याओं बारे अधिकारियों को अवगत करवाया।
पंचायत समिति उपाध्यक्ष कृष्ण भोज ने लोक निर्माण विभाग उपमंडल पधर के अंतर्गत एससीसीपी योजना के तहत निर्मित उरला-नौशा सड़क को बियरिंग टारिंग कर पक्का करने का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा उरला-बधाला-बही कलौण सड़क के फारेस्ट केस को स्वीकृति दिलवा शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने की मांग उठाई। उन्होंने कोटरोपी-चुक्कू-खजरी सड़क को नौहली गलमाठा के साथ जोड़ने के लिए भी एफसीए केस तैयार किए जाने का मामला उठाया।
पंचायत समिति सदस्य भुवनेश्वर कुमार ने गुम्मा-खारसा सड़क को पक्का करने की मांग उठाई। पंचायत समिति सदस्य मंजू देवी ने भराड़ू में एलआईएस उठाऊ सिंचाई योजना को सुचारू करने की मांग उठाई।
पांचयत् समिति सदस्य लेख राम ठाकुर ने बाबा लखदाता पीर मंदिर रोपी में पेयजल भंडारण टैंक बनाने की मांग जलशक्ति महकमे से उठाई।
बड़ीधार वार्ड सदस्य घनश्याम ठाकुर ने पंचायत द्वारा निर्मित संपर्क मार्गों को लोनिवि के अधीन करने का मामला उठाया।
इस दौरान सीडीपीओ जितेंद्र सैनी, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग जेपी शर्मा, कनिष्ठ अभियंता भगत राम यादव, रामचंद, रूपलाल, जल शक्ति विभाग प्रेम भारद्वाज, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. निशा ठाकुर, एचडीओ कविता शर्मा, एडीओ बीरी सिंह, डिप्टी रेंजर वन विभाग उरला शुक्रू राम, द्रंग चिंता ठाकुर, रंजना शर्मा, चंदनवीर सिंह सहित अन्य विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।
