5 अक्तूबर 2024 (बैजनाथ)
थाना क्षेत्र बैजनाथ के तहत बैजनाथ और पपरोला के मुख्य चौराहों की हर हरकत पर तीसरी आंख का पहरा होगा। यहां लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरा के तहत टाशी जोंग, अंद्रेटा रोड, चाबीन चौक,सेहल रोड और धानग रोड सहित मुख्य चौराहों पर एएनपीआर (ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रीडर कैमरे) लगाए जाएंगे। व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनोज कपूर और पार्षद अमित कपूर ने राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी द्वारा एक मुश्त साढे 23 लाख रूपए जारी करने के लिए उनका आभार जताया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज कपूर ने कहा कि व्यापार मंडल का अध्यक्ष बनने के तुरंत बाद उन्होंने बढ़ती हुई चोरी की वारदातों और हिट एंड रन मामलों के मद्देनजर समूचे बाजार को सीसीटीवी कैमरा से लामबंद किए जाने की मांग रखी थी जिसे राज्यसभा सांसद ने सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की थी। हाल ही में व्यापार मंडल की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस प्रशासन से मिला था और बाजार में सुरक्षा की दृष्टि से इस तरह के कैमरे लगाए जाने की मांग दोहराई थी। जिसके एवज में डीएसपी बैजनाथ अनिल शर्मा के नेतृत्व में एक सामूहिक प्रस्ताव बनाकर राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी को प्रेषित किया था जिसे तुरंत मंजूरी प्रदान करते हुए एकमुश्त जारी की गई है। राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी ने कहा कि व्यापार मंडल और पुलिस प्रशासन की ओर से बैजनाथ और पपरोला के बाजारों के लिए आधुनिक कैमरे लगाए जाने का प्रस्ताव प्रेषित किया गया था जिसे मंजूरी दी जा चुकी है। निश्चित तौर पर सुरक्षा के लिए हाथ से ये कैमरे काफी कारगर साबित होंगे। यदि कैमरा के लिए और अधिक धन की आवश्यकता पड़ेगी तो वह और राशि भी जारी करेंगी। व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनोज कपूर कहा कि व्यापार मंडल अध्यक्ष बनने के तुरंत बाद उन्होंने व्यापारियों से एक बैठक की थी जिसमें व्यापारियों ने सुरक्षा की दृष्टि से कैमरे लगाए जाने की मांग की थी। इस मांग को उन्होंने राज्यसभा सांसद को प्रेषित किया जिसे मंजूरी मिल चुकी है।
