April 2, 2026
Sirmour

किन्नौर: 300 फीट गहरी खाई में गिरी बोलेरो, परिवार ने खो दिया जवान बेटा

किन्नौर। हिमाचल प्रदेश की सर्पीली सड़कें अब तक ना जानें कितने ही लोगों की जान ले चुकी हैं। प्रदेश में आए दिन सड़क हादसों की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसी ही एक खबर अब हिमाचल के किन्नौर जिला से सामने आई है। यहां एक गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी है। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई है। वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

किन्नौर में हुआ दर्दनाक हादसा
यह हादसा किन्नौर जिला के निचार खंड के चौरा घरशु मार्ग पर आज रविवार दोपहर बाद हुआ है। इस हादसे में एक बोलेरो कैंपर 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी है। हादसे के समय गाड़ी में चालक सहित तीन लोग सवार थे। जिसमें से एक की मौत हो गई है। वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

गहरी खाई में गिरी बोलेरो
बताया जा रहा है कि बोलेरो कैंपर सामान भर कर चौरा से घरशु की तरफ जा रही थी। जब यह गाड़ी छोटा कंबा पहुंची तो अचानक से चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया।

गंभीर घायल आईजीएमसी रेफर
इस हादसे में 38 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र प्रकाश चंद निवासी गांव घरशु तहसील निचार जिला किन्नौर के रूप में हुई है। वहीं घायलों में 30 वर्षीय अभिषेक पुत्र तारा चंद निवासी गांव नाथपा जिला किन्नौर और 39 वर्षीय रमेश पुत्र सुनी लाल गांव बांदल तहसील निरमंड जिला कुल्लू को खनेरी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दोनों घायलों को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है।

पुलिस कर रही मामले की जांच
हादसे के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन सावधानी से चलाएं और खराब मौसम में जरूरी होने पर ही वाहन चलाएं, अन्यथा वाहन चलाने से परहेज करें। हादसे की पुष्टि एसपी किन्नौर अभिषेक एस ने की है।

Related posts

हिमाचल में रैगिंग के आरोप में 7 MBBS छात्र सस्पेंड, 75 हजार जुर्माना भी लगाया

Admin

लापता जवान की पत्नी ने DIG को लिखा पत्र, SP के खिलाफ की कार्रवाई की मांग

Admin

वैक्सीनेशन के बाद नवजात की मौत, एक अन्य उपचाराधीन बच्चे की हालत गंभीर

Admin

Leave a Comment