September 16, 2026
Shimla

प्रतिभा सिंह से शक्तियां छीनने की तैयारी : हाईकमान ने भेजी टीम, नया संगठन बनेगा

शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस का नया संगठन बनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने राज्य, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी गठन के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को पूरी स्वतंत्रता देने के बजाय इस बार एक नया तरीका अपनाया है।

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस हाईकमान ने राज्य, जिला और लोकसभा स्तर पर पर्यवेक्षकों की नियुक्ति पहले ही कर दी थी और अब दो अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) सचिवों को हिमाचल भेजने का निर्णय लिया है। इन सचिवों का मुख्य कार्य नई कार्यकारिणी के गठन के लिए सुझाव देना और पार्टी हाईकमान को फीडबैक देना होगा।

AICC के सचिव विदित चौधरी और चेतन चौहान को शिमला भेजा जा रहा है, जहां वे प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से मिलकर नए संगठन को लेकर राय लेंगे। यह कदम पहली बार उठाया जा रहा है और इसे लेकर सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या इस बार नए संगठन में ‘हॉलीलॉज’ गुट का प्रभाव कम होगा।

AICC सचिव 25 नवंबर को शिमला पहुंचेंगे और 26 नवंबर को सुबह 11 बजे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से मिलकर नई कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा करेंगे। इसके बाद, प्रदेश कांग्रेस के सीनियर नेताओं से भी राय ली जाएगी। 26 नवंबर को कांग्रेस के फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों के साथ भी मीटिंग की जाएगी, जिसमें सभी नेताओं से फीडबैक लिया जाएगा।

बता दें कि प्रदेश में नए संगठन के गठन के लिए लॉबिंग शुरू हो गई है। कांग्रेस पार्टी सभी नेताओं से राय ले रही है ताकि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक मजबूत संगठन खड़ा किया जा सके। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी खुद सीनियर नेताओं से चर्चा कर रही हैं और सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी इस विषय पर मीटिंग कर चुकी हैं।

सूत्रों के अनुसार, AICC सचिव इस दौरे के दौरान प्रदेश सरकार के कार्यों पर भी फीडबैक ले सकते हैं। राज्य सरकार को लेकर बीजेपी विपक्ष में गारंटियों पर हमलावर है और ऐसे में कांग्रेस को अपनी स्थिति स्पष्ट करने की जरूरत महसूस हो रही है।

कांग्रेस के नए संगठन के गठन से पार्टी की कार्यप्रणाली में बदलाव आने की संभावना है और यह पूरी प्रक्रिया आगामी चुनावों में पार्टी की स्थिति को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

Related posts

हाई कोर्ट के आदेश के बाद सुखविंदर सरकार ने हटाया सीपीएस का स्टाफ, अधिसूचना जारी

Admin

Himachal : हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: इस विभाग के 900 आउटसोर्स कर्मियों को मिलेगा स्थायी रोजगार

Admin

Shimla News : शिमला में 7 नाबालिग छात्र-छात्राओं से छेड़खानी, गलत ढंग से छूता था आरोपी; पुलिस ने किया गिरफ्तार

Admin

Leave a Comment