28.6 C
Baijnath
June 18, 2026
Baijnath

बिनवा पुल से बैजनाथ-जयसिंहपुर की दूरी 30 किमी घटी, वाहनों की आवाजाही शुरू

बैजनाथ 28 अप्रैल (कांगड़ा):

बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के रैनाबाड़ी और जयसिंहपुर के कैलाशपुर को जोड़ने वाला बहुप्रतीक्षित बिनवा पुल अब आम जनता के उपयोग के लिए तैयार हो गया है। छह वर्षों के लंबे इंतजार के बाद पुल के दोनों छोर जुड़ गए हैं और छोटे वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो चुकी है।

करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से बना यह पुल बैजनाथ और जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्रों के नौ गांवों—कैलाशपुर, मझेड़ा, भूआना, तीन बड़, दगोह, टवर, जयसिंहपुर, चढ़ियार और आशापुरी—की आबादी के लिए वरदान साबित होगा। इस पुल से बैजनाथ से इन गांवों की दूरी लगभग 25 से 30 किलोमीटर तक कम हो गई है। पहले बरसात के मौसम में इन इलाकों से बैजनाथ पहुंचना बेहद कठिन होता था, लेकिन अब साल भर निर्बाध और सुरक्षित यात्रा संभव होगी।

स्थानीय निवासियों विनोद, कृष्ण, मुल्तान चंद, बबलेश, लता देवी, सुलोचना और उर्मिला ने मांग की है कि पुल से जुड़े दोनों सिरों पर बची हुई कच्ची सड़कों को जल्द पक्का किया जाए, ताकि सफर पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बन सके।

इस पुल का शिलान्यास वर्ष 2008 में तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने किया था। वर्ष 2014 में पुल का निर्माण कार्य तो पूरा हो गया था, लेकिन संपर्क मार्ग अधूरे रहने के कारण यह पूर्ण रूप से उपयोग में नहीं आ पाया। अब बैजनाथ की ओर से कच्चा मार्ग बना दिया गया है, जबकि कैलाशपुर की ओर मात्र एक किलोमीटर कच्चा मार्ग पक्का होना बाकी है।

विधायक किशोरी लाल ने बताया कि शेष मार्ग को शीघ्र ही पक्का करने के प्रयास जारी हैं, जिससे पुल पूर्ण रूप से उपयोगी बन सके और क्षेत्र की जनता को वर्षों पुरानी समस्याओं से राहत मिल सके।

Related posts

उपमंडल पधर में धूमधाम से मनाया गया कारगिल विजय दिवस

Admin

बैजनाथ डिपो की बस पर हमला, कांगड़ा के गगल में पुलिस थाने के पास ड्राइवर-कंडक्टर से मारपीट, यात्रियों में दहशत

Admin

Baijnath Mahashivratri :शिवरात्रि महोत्सव बैजनाथ में पंजाबी सिंगर निंजा मचाएँगे धमाल, भोटू शाह करेंगे लोटपोट

Admin

Leave a Comment