25.6 C
Baijnath
September 30, 2026
Baijnath

विधायक किशोरी लाल ने बैजनाथ में परिवहन निगम की नए हाईटेक बस अड्डे का किया निरीक्षण, मां भुवनेश्वरी की मूर्ति नए मंदिर में स्थापित

बैजनाथ (कांगड़ा), (वीर खड़का ) 12 दिसंबर: बैजनाथ परिवहन निगम के निर्माणाधीन नए बस अड्डे का बैजनाथ विधायक किशोरी लाल ने औपचारिक निरीक्षण किया। इस दौरान धर्मशाला डिवीजन के डिविजनल मैनेजर पंकज चड्ढा और बैजनाथ के रीजनल मैनेजर शशांक धीमान विशेष रूप से मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान पुराने मंदिर में स्थित मां भुवनेश्वरी की मूर्ति को नए मंदिर में स्थानांतरित करने के लिए हवन-यज्ञ और पूजा-अर्चना की गई। गौरतलब है कि पुराने मंदिर वाली जगह पर बस अड्डे का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण क्षेत्र को समतल करने की जरूरत पड़ी। इसी वजह से मंदिर को अन्य स्थान पर शिफ्ट किया गया और विधि-विधान से मां की मूर्ति को नए मंदिर में स्थापित किया गया।

इस मौके पर विधायक किशोरी लाल ने कहा कि वर्ष 2007 में स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने इस बस अड्डे की नींव रखी थी। उस समय जीएस बाली परिवहन मंत्री और सुधीर शर्मा बैजनाथ के विधायक थे। समय के साथ प्रक्रिया चलती रही और अब देर से ही सही, यह बस अड्डा लगभग बनकर तैयार हो चुका है। अतिशीघ्र इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।

विधायक ने आगे कहा कि मां भुवनेश्वरी की मूर्ति को नए पूजा स्थल में स्थानांतरित प्रक्रिया समारोहों का हिस्सा बनने का सौभाग्य उन्हें प्राप्त हुआ है। इस आधुनिक बस स्टैंड के बनने से बाजार में लोगों को असुविधा नहीं होगी और जाम की समस्या से निजात मिलेगी। पुराने बस स्टैंड को आधुनिक टैक्सी स्टैंड के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां बसें नियमित रूप से रुकेंगी।

पत्रकार वार्ता में धर्मशाला डिवीजन के डिविजनल मैनेजर पंकज चड्ढा ने बताया कि यह बस स्टैंड हाईटेक और मॉडल तरीके से तैयार किया जा रहा है। इसमें 13 बस टर्मिनल, 21 कमर्शियल स्पेस, एक रेस्टोरेंट, स्त्री-पुरुषों के अलग-अलग वेटिंग रूम, लेडीज फीडिंग रूम, साफ-सुथरे टॉयलेट तथा ड्राइवर-कंडक्टर के लिए बिजली और आरामदायक रेस्ट रूम की सुविधा होगी।

यह नया बस अड्डा बैजनाथ क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएगा।

Related posts

हिमाचल में आज गरजेंगे अमित शाह और मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी प्रत्याशियों के लिए मांगेंगे वोट

Admin

सीपीएस किशोरी लाल ने जाना प्रभावितों का कुशलक्षेम

Admin

रविता भारद्वाज बनीं भाजपा महिला मोर्चा हिमाचल प्रदेश की प्रदेश सचिव, महिलाओं के सशक्तिकरण और संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प

Admin

Leave a Comment