बैज़नाथ 1 मार्च : विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़-बिलिंग में आयोजित तीन दिवसीय एशिया माउंटेन साइक्लिंग सीरीज (एशियन माउंटेन बाइकिंग सीरीज) का सफलतापूर्वक समापन हो गया है। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता ने हिमाचल प्रदेश और खास तौर पर कांगड़ा जिले का नाम राष्ट्रीय एवं वैश्विक पटल पर रोशन किया है।
जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा के अध्यक्ष एवं बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन (बीपीए) के अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने इस सफल आयोजन के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। जारी बयान में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व, खेलों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और समर्थन के कारण ही इस तरह के बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सका। यह प्रतियोगिता भारत में पहली बार बीड़-बिलिंग में आयोजित हुई, जिसमें 7 देशों के 117 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
अनुराग शर्मा ने समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश सरकार के आयुष, कानून, युवा एवं खेल सेवाएं मंत्री यादविंदर गोमा का भी विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान उन्होंने मंत्री गोमा के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिनमें ग्राम पंचायत चौगान में आधुनिक बैडमिंटन और टेनिस कोर्ट का निर्माण तथा मनाली की तर्ज पर पर्वतारोहण विशेषज्ञों की नियुक्ति शामिल हैं।
मंत्री गोमा ने आयोजन के दौरान स्थानीय जनता, खेल प्रेमियों और आयोजकों द्वारा उठाई गई विभिन्न मांगों को गंभीरता से सुना और उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया। साथ ही, उन्होंने अपनी निजी निधि से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की, जिसके लिए जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा ने उनका विशेष आभार जताया है।
अनुराग शर्मा ने कहा कि ऐसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से क्षेत्र में पर्यटन को मजबूत बढ़ावा मिलता है, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं और युवा खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच मिलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी प्रदेश सरकार खेलों के विकास, खिलाड़ियों के हित और साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए इसी तरह के सकारात्मक और ठोस कदम उठाती रहेगी।
यह आयोजन न केवल खेल जगत के लिए मील का पत्थर साबित हुआ है, बल्कि बीड़-बिलिंग को पैराग्लाइडिंग के अलावा माउंटेन बाइकिंग के वैश्विक केंद्र के रूप में भी स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
