27 C
Baijnath
September 1, 2026
Baijnath

बिनवा नदी क्षेत्र से कूड़ा हटाने का विशेष अभियान शुरू, कूड़ा फेंकने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : SDM संकल्प गौतम

बैजनाथ, 14 जुलाई (वीर खड़का)।
उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) बैजनाथ संकल्प गौतम ने बिनवा नदी एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से उतराला रोड के नीचे बिनवा नदी से लगती ढांक में लंबे समय से जमा कूड़ा-कचरा हटाने के लिए विशेष सफाई अभियान शुरू करवाया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कूड़ा हटाना नहीं, बल्कि क्षेत्र में स्थायी स्वच्छता व्यवस्था स्थापित करना और लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।

एसडीएम ने बताया कि बिनवा नदी के किनारे स्थित ढांक में लंबे समय से कूड़ा जमा होने के कारण पर्यावरण के साथ-साथ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता भी प्रभावित हो रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने व्यापक सफाई अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत सफाई कर्मी दुर्गम और जोखिमपूर्ण स्थानों तक पहुंचकर पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ सफाई कार्य में जुटे हुए हैं।

उन्होंने कठिन परिस्थितियों में कार्य कर रहे सफाई कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि वे बिनवा नदी, नदी किनारे स्थित ढांकों, नालों और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का कूड़ा-कचरा न फेंकें।

एसडीएम ने कहा कि बिनवा नदी धार्मिक, पर्यावरणीय और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसकी स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी स्वच्छ एवं आकर्षक वातावरण मिल सके।

उन्होंने बताया कि प्रशासन ने पूर्व में भी स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। अब बिनवा नदी से लगते ढांक क्षेत्रों तथा अन्य चिन्हित स्थानों पर भी चरणबद्ध तरीके से सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे, जिससे कूड़ा फेंकने जैसी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

एसडीएम संकल्प गौतम ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति बैजनाथ, पपरोला अथवा उपमंडल बैजनाथ के किसी भी क्षेत्र में नदी, नालों, ढांकों या सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा फेंकता हुआ पाया गया तो उसके विरुद्ध जुर्माना लगाने के साथ-साथ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी कोई व्यक्ति अवैध रूप से कूड़ा फेंकता हुआ दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related posts

बैजनाथ के मझेरना पंचायत के दिव्यांग को नहीं मिल रहा मनरेगा में रोज़गार।

Admin

Baijnath News: विधायक किशोरी लाल 15 जनवरी को सेहल में तीन विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण

Admin

बारिश ने धो डाली बैजनाथ शिवरात्रि महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या।

Admin

Leave a Comment