November 10, 2026
Baijnath

Baijnath BDC Election: भाजपा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जमाया कब्जा, सुधीर शर्मा के लगे नारे

बैजनाथ, 19 जून।

बैजनाथ विकास खंड समिति (बीडीसी) के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर लंबे समय से चल रही राजनीतिक अटकलों पर शुक्रवार को विराम लग गया। बैजनाथ विकास खंड सभागार में संपन्न हुए चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने दोनों महत्वपूर्ण पदों पर जीत दर्ज कर कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका दिया।

अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने छोटा भंगाल घाटी की धरमान पंचायत से बीडीसी सदस्य संजय ठाकुर को मैदान में उतारा, जबकि कांग्रेस की ओर से मोनिका कटोच उम्मीदवार थीं। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम की देखरेख में संपन्न मतदान में संजय ठाकुर को 9 मत मिले, जबकि मोनिका कटोच को 8 मत प्राप्त हुए। महज एक वोट के अंतर से संजय ठाकुर बीडीसी अध्यक्ष निर्वाचित हुए।

वहीं, उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से पहले चमन कपूर और बाद में वीरू कुमार ने नामांकन दाखिल किया। मतदान में भाजपा समर्थित वीरू कुमार को 9 मत मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित राजकुमार को 7 मत प्राप्त हुए। चमन कपूर को केवल 1 मत मिला, जिसके साथ वीरू कुमार उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए।

जीत की घोषणा होते ही ब्लॉक परिसर भाजपा कार्यकर्ताओं के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने “सुधीर शर्मा जिंदाबाद” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारे लगाए। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं तिलक राज, रविता भारद्वाज सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी।

भाजपा के पूर्व विधायक मुल्ख राज प्रेमी ने दोनों विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता कांग्रेस की नीतियों से निराश हो चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनावों में भी बैजनाथ में भाजपा बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

इस बीच बीडीसी चुनाव में भाजपा की जीत के बाद धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा भी बैजनाथ पहुंचे। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय ठाकुर और उपाध्यक्ष वीरू कुमार को जीत की बधाई देते हुए इसे भाजपा कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के विश्वास की जीत बताया।

Related posts

एसडीएम संकल्प गौतम की अध्यक्षता में बैजनाथ शिव मंदिर न्यास की बैठक संपन्न

Admin

चढ़ियार में विकास की नई योजनाओं व कार्यों को दी जाएगी प्राथमिकता:-किशोरी लाल।

Admin

बैजनाथ के मिनी सचिवालय परिसर में कूड़े का ढेर बना बड़ा सवाल, अधिकारियों की लापरवाही से स्वच्छता अभियान की उड़ रही धज्जियां

Admin

Leave a Comment