September 16, 2026
Dharamshala

धर्मशाला मैच की टिकट ब्लैक करता आंध्र प्रदेश का युवक सीआईडी ने पकड़ा


22 अक्तूबर को होने वाले भारत-न्यूजीलैंड मैच के टिकट की हो रही थी कालाबाजारी

धर्मशाला, 20 अक्तूबर:
भारत-न्यूजीलैंड के मैच को देखने के लिए लोगों में उत्साह देखते ही बन रहा है। इस मैच की सारी टिकटें बिक चुकी हैं, फिर भी लोग टिकटों के लिए अपने-अपने जुगाड़ फिट करने में लगे हुए हैं। इसी बीच लोगों के उत्साह का फायदा कालाबाजारिए उठा रहे हैं और लोगों से मनमाने दाम वसूल रहे हैं। टिकट ब्लैक करने की सोशल मीडिया पर कई पोस्ट आ रही थी, लेकिन पुलिस के हाथ ठोस सबूत नहीं लग रहा था। मैच के उत्साह और टिकटों की कालाबाजारी को लेकर सीआईडी ने जगह-जगह नजर रखना शुरू कर दिया । इसी बीच सीआईडी की टीम ने विश्व कप मैच के टिकटों की कालाबाजारी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। सीआईडी ने आरोपी को आगामी जांच के लिए पुलिस थाना धर्मशाला को सौंप दिया गया। आंध्र प्रदेश के रहने वाले श्रीकांत रेड्डी को सीआईडी टीम ने अपने ट्रैप में तब फंसाया, जब वह टिकटें ब्लैक करते हुए तीन से चार गुना अधिक दामों पर बेच रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी इससे पहले भी अन्य मैचों के लिए अलग-अलग स्थानों पर ऐसा करता हो सकता है। शुक्रवार दोपहर बाद सीआईडी धर्मशाला रेंज की टीम ने साई पार्किंग के निकट श्रीकांत रड्डी को धर दबोचा। इसके बाद सीआईडी ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया है। रविवार को दुनिया के दो धुरंधर देशों की टीमों के बीच खेले जाने वाले महा मुकाबले के लिए टिकटों की मारामारी पड़ी हुई है। स्थानीय लोग ही नहीं, दिल्ली सहित अन्य स्थानों पर बैठे लोग भी लगातार टिकटों को लेकर एक दूसरे को फोन घुमा रहे हैं, लेकिन टिकटे नहीं मिल रही हंै, इसी का फायदा कुछ शातिर उठा रहे हैं। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के साथ टिकट कैसे आई, उसने टिकटें कहां से ली है और अब तक कितनी टिकट कितने रूपयों में बेच चुका है। इसके अलावा पुलिस यह भी जानने का प्रयास करेगी कि इस कालाबाजारी में वह अकेला ही है या कोई गिरोह शामिल है।

बाक्स-
सोशल मीडिया पर टिकट फ्रॉड
22 अक्तूबर को होने वाले मैच के लिए हॉस्पिटैलिटी टिकट के लिए एक लाख चालीस हजार रुपए की टिकट ऑनलाइन बेचने का ऑफर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में दिया जा रहा है। हालांकि माना जा रहा है कि यह टिकटें टिकट विक्रेता के ऑफिशियल प्लेटफार्म से नहीं बेची जा रही है। इस डील में नॉर्थ स्टैंड की टिकट 30000 रुपए में देने की ऑफर दी गई है। उधर, हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक संजय शर्मा का कहना है कि टिकट की इस तरह से बिक्री पूरी तरह से अवैध है तथा पुलिस को इस पर संज्ञान जरूर लेना चाहिए। हो सकता है कि यह फ्रॉड का एक हिस्सा हो लेकिन अधिकृत विक्रेताओं द्वार यह टिकट नहीं बेची जा रही। उन्होंने बताया सभी सुरक्षा एजेंसियों ऐसे लोगों पर नजर रख रही हैं।

Related posts

मतदान के दौरान पश्चिम बंगाल में सामने आईं हिंसा की घटनाएं

Admin

India-South Africa T20 Match:धर्मशाला में 10 साल बाद भारत vs साउथ अफ्रीका टी-20 महामुकाबला, टिकट बिक्री शुरू!

Admin

अस्थिरता और बौखलाहट में सुक्खू सरकार, सीएम को देना चाहिए इस्तीफा: जयराम ठाकुर

Admin

Leave a Comment